विधायक नैना सिंह चौटाला द्वारा डबवाली और चौटाला के अस्पतालों में डॉक्टरों की कमी व एक्सरे मशीन खराब होने का मुद्दा उठाए जाने पर स्वास्थ्य मंत्री ने विस में प्रश्रोत्तरकाल दौरान बताया कि डबवाली में नई एक्सरे मशीन जल्दी लगा दी जाएगी और लेडी डॉक्टर भी जल्दी भिजवा दी जाएगी। विस में जब स्वास्थ्य विभाग में भिवानी जिले में डॉक्टरों की कमी को लेकर प्रश्न चल रहा था तो उस समय नैना सिंह चौटाला ने अनुपूरक प्रश्न पूछते हुए कहा कि डबवाली के सिविल अस्पताल में ऑर्थोपैडिक और एमडी डॉक्टर नहीं हैं। एक्सरे मशीने खराब हैं, चौटाला अस्पताल में लेडी डॉक्टर न होने के कारण प्रसूति के दौरान एक महिला की मौत हो गई और देसूजोधा व गंगा इत्यादि गांवों में भी डॉक्टर न होने से लोगों को भारी परेशानी हो रही है। नैना सिंह के ये कहने पर कि अब तक वे स्वास्थ्य मंत्री को इस संबंध में अनेक पत्र लिख चुकी हैं। स्वास्थ्य मंत्री ने उनके द्वारा लिखे पत्र मिलने की पुष्टि करते हुए कहा कि प्रदेश में डॉक्टरों की भारी कमी है और सत्र के बीच में डॉक्टरों के तबादले नहीं किए जाते लेकिन उनके यहां एक्सरे मशीन लगा दी जाएगी और लेडी डॉक्टर भी जल्दी भेज दी जाएगी।विधायक परमिंद्र ढुल द्वारा पूछे गए एक सवाल के जवाब में कृषि मंत्री ओमप्रकाश धनखड़ ने बताया कि दिल्ली की जरूरतों को पूरा करने के लिए एनसीआर क्षेत्र में विशेष कृषि जोन बनाए जाने पर विचार हो रहा है ताकि किसान वही कृषि उपज पैदा करे जिसकी दिल्ली व आसपास को जरूरत है। उन्होंने यह भी बताया कि मध्यम व छोटे किसानों का जीवनस्तर ऊंचा उठाने के लिए व खेती को लाभदायक बनाने के लिए किसानों की सहायता करने उन्हें आर्थिक सहायता देने, उत्पादकता बढ़ाने और उपज के विपणन के माध्यम से बहुत से योजनाएं लागू की जा रही हैं जिनमें तिलहन व दलहन पर राष्ट्रीय मिशन, कृषि इंजीनियरिंग तथा परीक्षण बोरिंग के लिए स्कीम, फसल विविधताको बढ़ावा देने की मशीन और और खेत में विपणन सहायता के लिए फसल समूह विकास कार्यक्रम भी शामिल हैं। परमिंद्र ढुल ने किसानों की खराब आर्थिक हालत, न्यूनतम वेतन भी न मिलने और किसानों द्वारा खेती छोडऩे जैसे मुद्दों को उठाते हुए सरकार से पूछा था कि सरकार इस बारे में क्या कदम उठा रही है?