पूर्व मुख्य संसदीय सचिव एवं इनैलो नेता रामपाल माजरा ने कहा कि प्रदेश की भाजपा सरकार ने एक वर्ष के कार्यकाल में पूर्व की हुड्डा सरकार से चार कदम आगे रहते हुए जनविरोधी निर्णयों का रिकार्ड ही बनाया। जनता आज स्वयं को अच्छे दिनों के नाम पर हुए विश्वासघात से ठगा सा महसूस कर रही है। माजरा आज पूर्व विधायक बूटा सिंह द्वारा आयोजित गुहला-चीका के महावीर दल में इनैलो कार्यकत्र्ताओं की बैठक को संबोधित करते हुए 1 नवम्बर को रोहतक में आयोजित जननायक चौ. देवीलाल के जन्मदिवस पर सम्मान दिवस रैली के लिए न्यौता दिया और ज्यादा से ज्यादा संख्या में पहुंचने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि एक वर्ष में ही जनता को भाजपा सरकार से जो निराशा हाथ लगी, उसने दर्शा दिया है कि केंद्र और प्रदेश में भाजपा सरकार किस हद तक जनता के बीच फेल साबित हुई है। माजरा ने कहा कि कांग्रेस कुशासन से तंग जनता को भाजपा ने जिन अच्छे दिनों के सब्जबाग दिखाते हुए सत्ता की चाबी हथियाई थी, सरकार अपने एक वर्ष के कार्यकाल में जनता को चैन भरा एक भी अच्छा दिन नहीं दे पाई है।
मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर के नेतृत्व वाली सरकार के एक वर्ष कार्यकाल में हर वर्ग में बिजली-पानी, खाद, मंहगाई, बर्बाद फसलों के मुआवजा मामले में राजनीतिक द्वेष भावना आदि मुद्दों पर हाहाकार की स्थित बनी रही। उन्होंने बताया कि इनैलो ने आर.टी.आई. के माध्यम से प्रदेश सरकार के विकास कार्यों के जो आंकड़े जुटाए गए, उनमें भी भाजपा सरकार जीरो ही साबित हुई है। उन्होंने बताया कि सीएम मनोहर लाल खट्टर सरकार में स्वयं सीएम द्वारा 911 घोषणाएं एक वर्ष के कार्यकाल में प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों के विकास हेतु की गई। लेकिन सरकार इन घोषणाओं में केवल मात्र 43 घोषणाओं को ही सरकारी दफ्तरों की फाइलों में पास होने के लिए पहुंचा सकी। इनैलो जिलाध्यक्ष पंडित कंवरपाल करोड़ा ने कहा कि 1 नवंबर को रोहतक में होने वाली सम्मान दिवस रैली एक इतिहास रचेगी जिसमें कई लाख लोग भाग लेंगे जिसमें जिला कैथल की सबसे बड़ी भागीदारी होगी। कैथल में 1 नवंबर सम्मान दिवस का खास उत्साह है। लोगों के रैली के प्रति उत्साह को देखते हुए लगता है कि लोग भारी संख्या में रोहतक पहुचेंगे।
इस बार रोहतक रैली में महिलाओं व युवाओं की संख्या सबसे ज्यादा होगी। पूर्व विधायक बूटा सिंह ने रैली के प्रभारी रामपाल माजरा को आश्वस्त किया कि रैली में गुहला हलके से सबसे ज्यादा हाजिरी होगी। इस मौके पर पूर्व विधायक बूटा सिंह , इनसो प्रभारी प्रो. रणधीर चीका, हलका प्रधान भूपेंद्र सिंह जैलदार, युवा जिलाध्यक्ष बलराज नौच, राजा राम माजरा, काला खरक प्रधान, पूर्व प्रधान बच्चन सिंह माजरी, युवा नेता जसमेर तितरम, अधिवक्ता करनैल सिंह , भान सिंह हरीगढ़, पिरथी सीड़ा, बलवंत हरिगढ़, मंगत राम संधू, पहलवान अलबाद सिंह , संदीप जुलानीखेड़ा, भूला राम गुर्जर, साहब सिंह संधू, लक्खा मस्तगढ़, श्याम सिंह माजरी, मेला राम बदसुई, चरण सिंह सीड़ा, संदीप ढांडा सहित भारी संख्या में इनैलो पदाधिकारी व कार्यकत्र्ता उपस्थित थे।