जम्मू एवं कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने बाढ़ से बेघर हुए लोगों को ठंढ से पहले आश्रय मुहैया कराने के लिए पहले से तैयार भवन खरीदने के निर्देश शुक्रवार को दिए हैं। मुख्यमंत्री ने शुक्रवार को यहां आयोजित एक उच्चस्तरीय बैठक में कश्मीर मंडल के आयुक्त रोहित कंसल से कहा, "प्रथम चरण में 500 निर्मित भवन खरीदें। आप इसके लिए अभी से सक्रिय हो जाएं और निर्मित भवनों को खरीदने की प्रक्रिया को तत्काल आगे बढ़ाएं।"इस दौरान मुख्यमंत्री को बाढ़ प्रभावित परिवारों के पुनर्वास से जुड़ी प्रगति की जानकारी दी गई। मुख्यमंत्री ने कहा कि तंबू और अन्य अस्थायी शिविरों में रह रहे प्रभावित परिवारों को अस्थायी आवास और गर्म कपड़े उपलब्ध कराने को लेकर सभी प्रबंध हो जाने चाहिए। उमर ने आवास विभाग को निर्देश दिए कि वह ध्वस्त हो चुके घरों को दोबारा बनाने के इच्छुक लोगों को इसकी जल्द अनुमति दे।
मंडल आयुक्त ने बैठक के दौरान बताया कि जिन लोगों के घर पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए हैं, उन्हें अब तक 15 करोड़ रुपये की अंतरिम राहत सामग्री दी गई है। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों से उन लोगों के नामों की सूची तैयार करने को कहा है जिनकी 50 फीसदी फसलें बरबाद हो गई हैं। मुख्यमंत्री ने प्रधान सचिव बी.बी.व्यास से कहा कि वह फोन के बिल और फिर से फोन बहाल करने के मुद्दे को बीएसएनएस और अन्य टेलीकॉम कंपनियों के सामने उठाएं। उन्होंने कहा, "मैं खुद केंद्रीय दूरसंचार मंत्री को इस संबंध में पत्र लिखूंगा।"