रोहतांग सुरंग की आधी खुदाई पूरी : अरुण जेटली
Web Admin
5 दरिया न्यूज
मनाली , 21 Jul 2014
Last updated on: Jul 21, 2014, 00:00 IST
रक्षा मंत्री अरुण जेटली ने कहा कि रोहतांग सुरंग की आधी खुदाई का कार्य पूर्ण हो चुका है। रोहतांग सुरंग रणनीतिक महत्व की परियोजना है, जिसके पूर्ण होने पर पाकिस्तान और चीन सीमा के पास स्थित लद्दाख सभी मौसम में देश के शेष हिस्से से जुड़ जाएगा।जेटली ने पिछले सप्ताह लाहौल-स्पीति के विधायक रवि ठाकुर को उनके एक पत्र के जवाब में भेजी गई सूचना में कहा था, "सुरंग निर्माण का काम जारी है। अभी तक 4.16 किलोमीटर सुरंग खोदी जा चुकी है।"मंत्री ने कहा कि 8.8 किलोमीटर लंबी इस 'यू' अक्षर आकार की सुरंग को दोनों ही ओर से खोदा जा रहा है। यह हिमालय पर्वत श्रंखला में 3,978 मीटर लंबे राहतांग दर्रे में स्थित है।मंत्री ने कहा कि विषम परिस्थितियों के कारण खुदाई में देरी हो रही है।सुरंग पर 1,495 करोड़ रुपये खर्च होने का अनुमान है। संयुक्त प्रगतिशील गठबंधन (संप्रग) अध्यक्ष सोनिया गांधी ने 28 जून 2010 को सोलंग घाटी में इस सुरंग का शिलान्यास किया था।सुरंग को फरवरी 2015 तक पूरा करने का लक्ष्य है, लेकिन आधिकारिक सूत्रों के मुताबिक यह 2017 तक पूर्ण हो सकती है। उनके मुताबिक इस पर 500-600 करोड़ रुपये अतिरिक्त खर्च भी होगा।