रविवार को भारतीय जनता पार्टी पंचकुला की जिला ईकाई द्वारा रिटेल क्षेत्र में एफडीआई के प्रवेश, डीजल की कीमतों में 5 रूपये प्रति लीटर की बढौतरी व प्रति परिवार वर्ष में 6 सिलेन्डर दिये जाने के विरोध में प्रदर्शन किया गया व डा. मनमोहन सिंह का पुतला फूंका गया। प्रदर्शकारियों को भाजपा के पूर्व सांसद व प्रदेश प्रवक्ता रतनलाल कटारिया व प्रदेश उपाध्यक्ष बन्तो कटारियां, जिलाध्यक्ष कंवर सेन सिंगला व जिला महामन्त्री दीपक शर्मा व अजय शर्मा ने भी सम्बोधित किया।प्रदर्शनकारियों को सम्बोधित करते हुए कटारिया ने कहा कि डा. मनमोहन सिंह ने अपने 8 वर्ष के कार्यकाल में देश के खजाने को लूटने वाले घोटालों को अपना मूक समर्थन दिया है। जिस के कारण देश में 2 जी व कोलगेट जैसे लाखों करोड़ रूपये के घोटाले हुए है। एफडीआई में विदेशी निवेश को हरी झण्डी देकर मनमोहन सिंह उंगली पर खून लगाकर शहीद होना चाहते हंै पर देश की जनता उन्हे इस बात की इजाजत नही देगी। उन्होने कहा कि पहले से ही भारत में लगभग 3 लाख किसान आत्महत्या कर चुके हैं। डीजल की मार किसानों पर और भारी पड़ेगी। इससे मुद्रास्फीति बढेगी, ट्रांसपोर्ट सहित सब वस्तुओं के दाम बढेगें। भाजपा लाओ देश बचाओ रैली पर प्रकाश डालते हुए बन्तो कटारिया ने कहा कि 26, 27, 28 सितम्बर को फरीदाबाद में होने वाले वाली भाजपा की राष्ट्रीय परिषद व राष्ट्रीय कार्यकारिणी व 28 की रैली देश की राजनीति की दिशा बदल कर रख देगी। उन्होने कहा कि सभी कार्यकर्ता 20 सितम्बर को एनडीए द्वारा भारत बन्द किये जाने को लेकर डट जाऐं ताकि यूपीए की जनविरोधी नीतियों का सूपड़ा साफ हो सके।