पत्रकारों की सुविधा के लिए जहां प्रेस क्लब भवन बनकर तैयार हो गया है और सीएम ने इसका विधिवत उदघाटन किया है वहीं इसके अतिरिक्त फूड कोर्ट के सामने मीडिया विश्राम कक्ष भी अब मीडिया के लिए मौजूद रहेगा। शनिवार को नॉर्थ इंडिया पत्रकार एसोसिएशन के बैनर तले मीडिया विश्राम गृह का विधिवत उदघाटन किया गया। यह उदघाटन जिला लोक संपर्क अधिकारी प्रेम ठाकुर के कर कमलों द्वारा किया गया। इस अवसर पर मीडिया मंच के प्रदेश अध्यक्ष श्याम कुल्वी,प्रेस क्लब के वाइस चेयरमैन आशीष शर्मा सहित तमाम पदाधिकारी मौजूद रहे। सबसे पहले नॉर्थ इंडिया पत्रकार एसोसिएशन व प्रेस क्लब के पदाधिकारियों संतोष धीमान,बाल कृष्ण शर्मा,सुरेश शर्मा,आशीष शर्मा,मुनीश ठाकुर,अजय ठाकुर,क्रिस ठाकुर,शालिनी राय, रेणुका गौतम,नीना गौतम, राजेश शर्मा,हिमानी,संदीप शर्मा आदि ने मुख्यातिथि प्रेम ठाकुर व विशेष अतिथि श्याम कुल्वी का हार्दिक स्वागत किया। इसके बाद मीडिया विश्राम गृह का विधिवत शुभारंभ किया गया। इस अवसर पर मुख्यातिथि प्रेम ठाकुर ने कहा कि लोकतंत्र का चौथा स्तंभ आज लेखनी के अलावा समाज सेवा में भी बढ़चढ़ कर भाग ले रहा है। उन्होंने कहा कि मीडिया विश्राम गृह बाहर से आने बाले पत्रकारों के लिए ठहरने का एक अच्छा माध्यम होगा। उन्होंने कहा कि कुल्लू मनाली में पर्यटकों की भीड़ लगी रहती है और ऐसे में रहने व ठहरने के लिए पत्रकारों को दिक्कतों का सामना करना पड़ता है लेकिन इस तरह के प्रयासों से पत्रकारों को सुविधाएं प्रदान होगी। इस अवसर पर विशेष अतिथि श्याम कुल्वी ने कहा कि मीडिया के क्षेत्र में ऐसे प्रयास सराहनीय है और हर मीडिया संस्थानों व लोगों को ऐसे प्रयास करने चाहिए।