प्रदेश में एसवाईएल का पानी लाने, बिगड़ती कानून व्यवस्था व बिजली-पानी की कमी को दुरुस्त करने की मांग को लेकर आज कैथल व पूंडरी हलका द्वारा आयोजित धरने व प्रदर्शन में पूर्व मुख्य संसदीय सचिव एवं इनेलो नेता रामपाल माजरा, इनेलो विधायक जसविद्र सिंह संधू व जिलाध्यक्ष पंडित कंवरपाल करोड़ा द्वारा एसडीएम मनदीप कौर कैथल के माध्यम से प्रधानमंत्री को ज्ञापन सौंपा। इनेलो नेता रामपाल माजरा ने कहा कि प्रदेशवासी एस.वाई.एल. पर संघर्ष को तैयार रहें क्योंकि कांग्रेस व भाजपा दोनों दल नहीं चाहते कि एसवाईएल के माध्यम से हरियाणा को अपने हिस्से का पानी मिले। इनेलो नेताओं ने कांग्रेस व भाजपा पर एस.वाई.एल. के निर्माण में अड़चनें डालने का आरोप लगाते हुए दोनों राष्ट्रीय दलों की तीखी आलोचना की। उन्होंने कांग्रेस-भाजपा को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि एक तरफ तो प्रदेश के कांगे्रस के नेता हरियाणा को एक बूंद भी पानी न देने की बात कहकर एस.वाई.एल. के अधूरे निर्माण में रूकावटें खड़ी कर रहे हैं दूसरी तरफ प्रदेश की भाजपा सरकार सर्वोच्च न्यायालय का फैसला लागू करने की बजाय मामले को लटकाने के प्रयास में है। इस अवसर पर धरने व प्रदर्शन को जिलाध्यक्ष पंडित कंवरपाल करोड़ा, एडवोकेट शशी वालिया, पूर्व विधायक तेजवीर सिंह, सरपंच रामफल मलिक खुराना, पूर्व विधायक बूटा सिंह, जिप्पी शोरेवाला, जोगेंद्र कसान, पूर्व प्रधान बलवान कोटड़ा, ईश्वर मैहला सहित कई इनेलो पदाधिकारी व कार्यकत्र्ताओं ने भी संबोधित किया। इनेलो नेताओं ने सरकार पर कोई भी चुनावी वायदा पूरा न करने और वायदों के विपरीत काम करने का आरोप लगाते हुए कहा कि भाजपा सरकार हर मोर्चे पर पूरी तरह विफल रही है और लोगों को बहकाने के लिए कोरी बयानबाजी कर रही है। इनेलो नेताओं ने कहा कि आज सरकार लोगों को बिजली-पानी जैसी मूलभूत सुविधाएं भी उपलब्ध करवाने में पूरी तरह से नाकाम रही है और निरंतर बिजली कटौती से जहां लोगों को भीषण गर्मी में भारी परेशानी उठानी पड़ रही है वहीं पीने के पानी की भी दिक्कत हो गई है।