दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने मंगलवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात की और उनसे दिल्ली पुलिस की शिकायत की। केजरीवाल ने कहा कि ऐसा लग रहा है कि दिल्ली पुलिस दिल्ली सरकार से किसी जंग में लगी हुई है। उन्होंने यह भी कहा कि अगर केंद्र का सहयोग मिल जाए तो वह दिल्ली को एक 'चमकता हुआ शहर' बना देंगे। केजरीवाल की मोदी से मुलाकात को उन मुद्दों के समाधान की कोशिश के रूप में देखा जा रहा है जो आम आदमी पार्टी सरकार और केंद्र की तरफ से नियुक्त उपराज्यपाल नजीब जंग के बीच टकराव की वजह बन रहे हैं।
केजरीवाल ने कहा, "ऐसा लग रहा है कि दिल्ली पुलिस दिल्ली सरकार से युद्ध लड़ रही है। यह लोकतंत्र के लिए घातक है।"दिल्ली पुलिस दिल्ली सरकार के बजाए दिल्ली के उपराज्यपाल के अधीन है।केजरीवाल ने कहा कि अगर दिल्ली पुलिस ही समस्याएं पैदा करेगी तो फिर इससे अपराध का ग्राफ ही ऊपर जाएगा।नजीब जंग की तरफ इशारा करते हुए उन्होंने कहा कि जब भी दिल्ली सरकार कोई आदेश जारी करती है, उसे रद्द कर दिया जाता है।उन्होंने कहा कि मोदी खुद एक राज्य के मुख्यमंत्री रह चुके हैं।
वह खुद बताएं कि केंद्र में कांग्रेस की सरकार होने के बावजूद उन्हें अपने राज्य के राज्यपाल की तरफ से ऐसी कितनी समस्याएं झेलनी पड़ी थीं।केजरीवाल ने कहा कि सत्ता में आने के तीन महीने के अंदर आम आदमी पार्टी सरकार ने भ्रष्टाचार रोधी शाखा (एसीबी) के जरिए भ्रष्टाचार पर काबू पा लिया था। लेकिन आठ जून को "एक भ्रष्ट पुलिस अफसर" को एसीबी में बिठा दिया गया और उसने अर्धसैनिक बलों की मदद से एसीबी पर नियंत्रण हासिल कर लिया।
केजरीवाल ने कहा कि उनकी सरकार प्रधानमंत्री मोदी के स्वच्छ भारत अभियान और डिजिटल इंडिया अभियान को दिल्ली में सफल बनाएगी। उन्होंने कहा, "प्रधानमंत्र को हमारे साथ सहयोग करना चाहिए। अगर ऐसा सहयोग मिल जाए तो हम दो साल में दिल्ली को एक चमकता हुआ शहर बना देंगे।"उन्होंने मोदी से कहा कि आम आदमी पार्टी और भारतीय जनता पार्टी के 'राजनैतिक मतभेदों' को दिल्ली को एक 'चमकदार शहर' बनाने की राह में रोड़ा नहीं बनने देना चाहिए। दिल्ली के विकास के लिए जरूरी है कि केंद्र और दिल्ली की सरकारें मिल कर काम करें।केजरीवाल ने कहा कि मोदी ने उनकी बातों को ध्यान से सुना और वादा किया कि वह इन तमाम मुद्दों पर गौर करेंगे।