15 अप्रैल को हिमाचल दिवस के उपलक्ष्य पर कुल्लू में भी कई कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। जिला स्तरीय समारोह कुल्लू के ऐतिहासिक ढालपुर मैदान में आयोजित किया जाएगा। जिला स्तरीय समारोह के प्रबंधों को लेकर बचत भवन में आयोजित बैठक की अध्यक्षता करते हुए उपायुक्त राकेश कंवर ने यह जानकारी दी। उन्होंने कहा कि समारोह के दौरान हिमाचल प्रदेश पुलिस, सशस्त्र सीमा बल, भारत तिब्बत सीमा पुलिस, होमगार्ड, एनसीसी, एनएसएस और स्काउट एंड गाइड्स की टुकड़ियां भव्य परेड में भाग लेंगी। इसके अलावा विभिन्न शिक्षण संस्थानों के विद्यार्थी और अन्य संगठनों के कलाकार सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत करेंगे। बैठक के दौरान उपायुक्त ने समारोह की तैयारियों की समीक्षा की तथा विभिन्न विभागों के अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि समारोह में अधिक से अधिक शिक्षण संस्थानों के विद्यार्थियों की भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी। उपायुक्त ने समस्त कुल्लूवासियों से भी इस समारोह में भाग लेने की अपील की है। बैठक में एसपी सुरेंद्र वर्मा, एडीएम विनय सिंह, एसडीएम रोहित राठौर, एसएसबी के सहायक कमाडेंट शिव राम और विभिन्न विभागों के अधिकारी भी उपस्थित थे।