दिल्ली में मुख्यमंत्री बनने जा रहे आम आदमी पार्टी (आप) के संयोजक अरविंद केजरीवाल ने अपने करीबी सहयोगी मनीष सिसोदिया के साथ गुरुवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात की। केजरीवाल और सिसोदिया ने करीब 20 मिनट तक प्रधानमंत्री से बातचीत की। सिसोदिया ने मुलाकात के बाद संवाददाताओं से कहा, "हमने दिल्ली के मुद्दे पर चर्चा की, जिसमें दिल्ली को पूर्ण राज्य का दर्जा दिलाने का मुद्दा भी शामिल था।"उन्होंने कहा कि मोदी ने उन्हें केंद्र के सहयोग का भरोसा दिलाया है। केजरीवाल और सिसोदिया दिल्ली विधानसभा चुनाव में जीत के बाद केंद्रीय मंत्रियों से मुलाकात कर रहे हैं और उन्होंने बुधवार को राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी, शहरी विकास मंत्री वेंकैया नायडू और गृह मंत्री राजनाथ सिंह से मुलाकात की थी। संक्षिप्त मुलाकात के बाद मीडिया से मुखातिब होते हुए उन्होंने कहा कि यह शिष्टाचार के तहत हुई बैठक थी और जिन लोगों से भी उन्होंने मुलाकात की थी, उन्होंने उन्हें पूर्ण सहयोग देने की बात कही है।
इस बीच, रामलीला मैदान में शनिवार को होने वाले शपथ ग्रहण समारोह की तैयारियां जारी हैं। इससे पहले 29 दिसंबर 2013 को भी केजरीवाल ने इसी स्थान पर शपथ लिया था, लेकिन महज कार्यकाल के 49 दिन बाद ही इस्तीफा दे दिया था। चुनाव प्रचार के दौरान केजरीवाल ने दिल्ली की जनता से अपने पिछले कार्यकाल के बारे में बात की थी और उन्हें बताया था कि किस तरह उन्होंने भ्रष्टाचार, आवश्यक वस्तुओं की कीमतों को बढ़ने से रोका था। आप ने दिल्ली विधानसभा की 70 में 67 सीटों पर जीत हासिल की है।