विवादित संत रामपाल को हरियाणा पुलिस ने बुधवार की शाम उनके आश्रम से गिरफ्तार कर लिया। यह जानकारी हरियाणा पुलिस के अधिकारियों ने दी। उन्हें एंबुलेंस में ले जाया गया, जिसके पीछे पुलिस के कई वाहन चल रहे थे। एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने आश्रम के बाहर बताया, "पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार कर लिया है। अब वह हिरासत में हैं। उन्हें चिकित्सकीय परीक्षण के लिए अस्पताल ले जाया गया है। उन्हें अदालत में गुरुवार को पेश किया जाएगा।"पुलिस सूत्रों ने कहा कि चिकित्सकीय परीक्षण के बाद रामपाल को चंडीगढ़ ले जाया जाएगा। पुलिस अधिकारी ने आईएएनएस से कहा कि रामपाल को जब रात 9 बजे गिरफ्तार किया गया तब उनके समर्थकों और निजी सुरक्षा गार्ड ने इसका विरोध नहीं किया। सूत्र ने कहा कि जब रामपाल को आश्रम से बाहर लाया गया तो कपड़े से उनका चेहरा ढंका हुआ था। रामपाल की पिछले 15 दिनों से तलाश की जा रही थी। पंजाब और हरियाणा उच्च न्यायालय ने 5 नवंबर को उनके खिलाफ गैरजमानती वारंट जारी किया था। उच्च न्यायालय ने पुलिस को निर्देश दिया था कि रामपाल को 21 को अदालत में पेश किया जाए।