प्रदेश युवा कांग्रेस ने जम्मू-कश्मीर भेजी खाद्य वस्तुएं एवं राहत सामग्री
Web Admin
5 दरिया न्यूज
16 Sep 2014
Last updated on: Sep 16, 2014, 00:00 IST
जम्मू-कश्मीर में बाढ़ प्रभावित लोगों को राहत पहुंचाने के कार्यों में भागीदारी और सहयोग करने के लिये कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी के आह्वान पर हि.प्र. युवा कांग्रेस के अध्यक्ष विक्रमादित्य सिंह ने बाढ़ पीड़ितों के लिए खाद्य वस्तुएं और राहत सामग्री की खेप जम्मू-कश्मीर को भेजी है।राहत सामग्री में जीवन रक्षक दवाइयां, खाद्य सामग्री, शुद्ध पेयजल की बोतलों के अलावा बड़ी मात्रा में बिस्कुट एवं पाऊडर दूध तथा जीवन रक्षक दवाएं शामिल हैं। इस मौके पर विक्रमादित्य सिंह ने कहा कि वह बाढ़ प्रभावितों की तकलीफ को देखकर बेहद दुःखी हैं और बाढ़ पीड़ितों व उनके परिजनों के प्रति उन्हें गहरी संवेदना है। उन्होंने कहा कि जम्मू-कश्मीर हमारा पड़ोसी राज्य है और इस दुख की घड़ी में हम राज्य के लोगों के साथ हैं। उन्होंने कहा कि प्रभावितों की मदद् की दिशा में किए जा रहे राष्ट्रीय प्रयासों में युवा कांग्रेस का प्रत्येक सदस्य भागीदार है।जम्मू-कश्मीर में भारतीय सेना और अन्य दूसरी एजेंसियों द्वारा किए गए राहत और बचाव कार्यों की सराहना करते हुए श्री विक्रमादित्य सिंह ने कहा कि वह संकट की इस घड़ी में आपदा से निपटने के लिए किए गए प्रयासों में उनके साथ खड़े हैं। उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश युवा कांग्रेस समिति बाढ़ प्रभावित आबादी को सहायता पहुंचाने के लिए जम्मू-कश्मीर तथा केन्द्रीय सरकार द्वारा किए जा रहे प्रयासों में हर संभव सहयोग करेंगे।