भारत रत्न बाबा साहिब डॉ.अम्बेदकर बहु-आयामी प्रतिभा के धनी थे और वह मात्र एक साधारण व्यक्ति ही नहीं, बल्कि एक दार्शनिक, चिंतक, विचारक, समाज-सुधारक, संविधानविद एवं कुशल राजनीतिज्ञ भी थे, जिन्होंने आधुनिक भारत के संविधान के निर्माण में अहम भूमिका निभाई।यह उद्गार प्रदेश युवा कांग्रेस नेता श्री विक्रमादित्य सिंह ने आज कांगड़ा जिला के प्रवास के दौरान शाहपुर के नज़दीक डढम्ब ग्राम पंचायत के गांव धनोटू में 3 लाख रूपये की लागत से निर्मित होने वाले डॉ. अम्बेदकर शैड की आधारशिला रखने के उपरान्त एक जनसभा को सम्बोधित करते हुए व्यक्त किये।
उन्होंने कहा कि डॉ. अम्बेदकर दलितों के मसीहा के नाम से पूरे विश्व में विख्यात थे तथा दलित एवं समाज के निम्न वर्ग के लोगों के सामाजिक-आर्थिक उत्थान के लिये आजीवन संघर्षरत रहे। उन्होंने लोगों से आह्वान किया कि वह डॉ. अम्बेदकर के आदर्शों, समाजसेवा भावना और उनके संघर्षमय जीवन से प्रेरणा लें, जोकि उनके प्रति एक सच्ची श्रद्घांजलि होगी। श्री विक्रमादित्य ने कहा कि मुख्यमंत्री श्री वीरभद्र सिंह के गतिशील नेतृत्व में गत तीन मास के दौरान प्रदेश में विकास की एक नई इबारत लिखी गई है। उन्होंने कहा कि वर्तमान सरकार द्वारा सदैव बिना किसी भेदभाव, क्षेत्रवाद और जातिवाद की खाइयों को समाप्त करके दलगत राजनीति से ऊपर उठकर पूरे प्रदेश का समान विकास सुनिश्चित किया गया है।
उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार द्वारा चालू वित्त वर्ष के कुल बजट का लगभग 25 अनुसूचित जाति उपयोजना के तहत व्यय किया जा रहा है ताकि इस वर्ग का सामाजिक-आर्थिक उत्थान हो सके। उन्होंने कहा कि अनुसूचित जाति वर्ग के लिये अनेक कल्याणकारी योजनाएं कार्यान्वित की जा रही हैं, जिसका सीधा लाभ इस वर्ग के लोगों को मिल रहा है। उन्होंने बताया कि सरकारी स्कूलों में अनुसूचित जाति वर्ग के मेधावी एवं निर्धन विद्यार्थियों के लिये डॉ$ भीमराव अम्बेदकर छात्रवृत्ति योजना सहित अनेक योजनाएं कार्यान्वित की जा रही है।
इससे पहले श्री विक्रमादित्य ने रैत में युवा कांग्रेस के पदाधिकारियों को सम्बोधित करते हुए कहा कि प्रदेश सरकार द्वारा चालू वित्त वर्ष के बजट में युवाओं को स्वावलम्बी बनाने के लिये अनेक योजनाएं एवं धन का प्रावधान किया गया है जिसमें बेरोज़गार युवाओं के लिये कौशल विकास भत्ता, मेधावी स्कूली विद्यार्थियों के लिये कम्प्यूटर टैवलेट्स उपलब्ध करवाने का प्रावधान किया है। उन्होंने कहा कि युवा राष्ट्र की शक्ति होती है तथा युवाओं को संगठित करने के लिये प्रदेश में एक अभियान चलाया जाएगा ताकि युवाशक्ति का राष्ट्र और समाज के निर्माण में सार्थक उपयोग किया जा सके। उन्होंने पूर्व भाजपा सरकार पर टिप्पणी व्यक्त करते हुए कहा कि भाजपा के कार्यकाल में प्रदेश में शिक्षा का व्यापारीकरण हुआ है तथा बाहरी राज्य के लोगों को विश्वविद्यालय एवं महाविद्यालय इत्यादि खोलने के लिये नियमों को ताक में रखकर भूमि आबंटित की गई। विक्रमादित्य ने कहा कि वह युवाओं की हर समस्या से परिचित हैं तथा युवाओं को स्वावलम्बी बनाने के लिये प्रदेश सरकार के साथ मामला प्रभावी ढंग से उठाया जाएगा ताकि युवा स्वावलम्बी बनकर आत्मसम्मान व आत्मनिर्भरता के साथ राष्ट्र व समाज की सेवा कर सकें।
उपाध्यक्ष परिवहन निगम श्री केवल सिंह पठानिया ने रैत पधारने पर श्री विक्रमादित्य का स्वागत करते हुए कहा कि शाहपुर में शीघ्र ही प्रदेश स्तर का एक युवा सम्मेलन आयोजित किया जाएगा, जिसमें प्रदेश के युवाओं की भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी। उन्होंने कहा कि श्री वीरभद्र सिंह के लम्बे राजनीतिक अनुभव से प्रदेश में विकास के नये आयाम स्थापित होंगे। उन्होंने कहा कि श्री वीरभद्र सिंह की दूरदर्शिता के फलस्वरूप प्रदेश में लोगों को सस्ती दरों पर खाद्यान्न उपलब्ध हो रहे हैं। इसके अतिरिक्त सरकारी स्कूल में शिक्षा ग्रहण करने वाले विद्यार्थियों के लिये नि:शुल्क परिवहन सुविधा आरम्भ की गई है। इस अवसर पर केसीसी बैंक के अध्यक्ष श्री जगदीश सिपहिया, शाहपुर युवा कांग्रेस अध्यक्ष श्री कर्म पठानिया, शाहपुर बीसीसी अध्यक्ष श्री सुशील शर्मा एवं श्री देवदत्त शर्मा ने अपने विचार रखे। डढम्ब पंचायत की प्रधान श्रीमती मधुवाला, डॉ$ अम्बेदकर सोसाइटी के अध्यक्ष श्री सुनील थापा ने मुख्यातिथि का स्वागत किया।