उपायुक्त मुकेश रेपसवाल की अध्यक्षता में आज आकांक्षी जिला एवं आकांक्षी खंड कार्यक्रम के अंतर्गत विभिन्न सूचकांकों की प्रगति, निगमित सामाजिक उत्तरदायित्व योजना (सीएसआर) तथा नीति आयोग निधियों के प्रभावी एवं परिणामोन्मुख उपयोग को लेकर राष्ट्रीय सूचना विज्ञान केंद्र के वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग कक्ष में एक समीक्षा बैठक का आयोजन किया गया। उपायुक्त ने विभिन्न विभागों द्वारा संचालित विकासात्मक गतिविधियों की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को निर्धारित लक्ष्यों की समयबद्ध प्राप्ति सुनिश्चित करने तथा सभी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए आवश्यक समन्वय बनाए रखने के निर्देश दिए ।
मुकेश रेपसवाल ने स्वास्थ्य विभाग से जुड़े संकेतकों के अंतर्गत अर्जित उपलब्धियों की विस्तृत समीक्षा करते हुए मुख्य चिकित्सा अधिकारी को जिले में कम जन्म वजन शिशु प्रतिशत दर का खंडवार विवरण उपलब्ध करवाने को कहा। साथ में उन्होंने आगामी बैठक में विभिन्न स्वास्थ्य मानकों से जुड़े विवरण की प्रेजेंटेशन तैयार करने के भी निर्देश दिए ।
उपायुक्त ने निगमित उत्तरदायित्व योजना एवं नीति आयोग निधियों के उपयोग को लेकर भी संबंधित विभागीय अधिकारियों को आवश्यक दिशा- निर्देश दिए। साथ में उन्होंने पूर्ण हो चुके कार्यों के उपयोगिता प्रमाण पत्र उपलब्ध करवाने को कहा।
मुकेश रेपसवाल ने उपनिदेशक उच्च शिक्षा को राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय करियाँ के भवन निर्माण के लिए प्राक्कलन तैयार करने के निर्देश दिए। उन्होंने निर्मित हो चुके विद्यालय भवनों को अपने अधीन लेने को कहा। साथ में शिक्षा विभाग से संबंधित विभिन्न ऑनलाइन अपलोड किए गए विवरणों में भिन्नता की जांच करने के भी निर्देश दिए।
उपायुक्त ने अग्रणी बैंक प्रबंधक को प्रधानमंत्री जन सुरक्षा बीमा योजनाओं के अंतर्गत लाभार्थियों की संख्या बढ़ाने के लिए आवश्यक कदम उठाने को कहा। बैठक में विभिन्न विभागीय अधिकारियों ने अपने-अपने विभागों से संबंधित प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत की तथा भविष्य की कार्ययोजना पर भी चर्चा की गई।
उपायुक्त ने सभी अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश देते हुए कार्यों में तेजी लाने पर बल दिया। उपायुक्त ने बैठक में आकांक्षी जिला कार्यक्रम के अंतर्गत शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि ,उद्यान, बाल विकास, वित्तीय समावेशन और कौशल विकास से संबंधित विभिन्न मानकों पर विस्तृत समीक्षा की।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. जेएस भारद्वाज, प्राचार्य पंडित जवाहरलाल नेहरू चिकित्सा महाविद्यालय डॉ. पंकज गुप्ता, जिला योजना अधिकारी डॉ. भूपेंदर सिंह, जिला विकास अधिकारी तविन्द्र चिनोरिया,उपनिदेशक शिक्षा विकास महाजन, उपनिदेशक उद्यान विभाग प्रमोद शाह, जिला कार्यक्रम अधिकारी कमल किशोर शर्मा, प्रबंधक अग्रणी बैंक डीसी चौहान, खंड विकास अधिकारी महेश चंद, बशीर खान, उप महाप्रबंधक एनएचपीसी जनेश कुमार सहित विभिन्न विभागीय अधिकारी बैठक में उपस्थित रहे।