समाजिक सुरक्षा, महिला एवं बाल विकास विभाग, पंजाब की ओर से जिला प्रशासन होशियारपुर के सहयोग से 101 नवजात बेटियों की लोहड़ी बड़े हर्षोल्लास एवं पारंपरिक तरीके से मनाई गई। यह विशेष कार्यक्रम डिप्टी कमिश्नर आशिका जैन के नेतृत्व में लाजवंती स्टेडियम, टांडा रोड, होशियारपुर में आयोजित किया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य समाज में लैंगिक समानता का संदेश देना और केंद्र व राज्य सरकार की महत्वाकांक्षी योजना “बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ” को और अधिक सशक्त बनाना रहा।
समारोह की शुरुआत पारंपरिक लोहड़ी की अग्नि प्रज्ज्वलित कर की गई, जो खुशहाली, गर्मजोशी और उज्ज्वल भविष्य का प्रतीक मानी जाती है। इस अवसर पर नवजात बेटियों और उनके परिवारों के सुखद एवं उज्ज्वल भविष्य के लिए सामूहिक अरदास की गई। विभाग की ओर से बेटियों की माताओं को उपहार एवं मिठाइयां भेंट की गईं, जबकि खेल के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली बालिकाओं को ट्रैक सूट और खेल जूते वितरित किए गए।कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि पहुंचे सांसद डॉ. राज कुमार चब्बेवाल ने कहा कि बेटियां किसी भी रूप में बेटों से कम नहीं हैं।
आज बेटियां शिक्षा, खेल, विज्ञान, प्रशासन और राजनीति सहित हर क्षेत्र में देश का नाम रोशन कर रही हैं। उन्होंने कहा कि समाज की वास्तविक प्रगति तभी संभव है जब बेटियों को समान अवसर, बेहतर शिक्षा और आत्मनिर्भर बनने का पूरा अधिकार मिले। सांसद ने इस तरह के आयोजनों की सराहना करते हुए कहा कि इससे समाज में सकारात्मक सोच को बल मिलता है और बेटियों के प्रति सम्मान की भावना मजबूत होती है।
डिप्टी कमिश्नर आशिका जैन ने कहा कि जिला प्रशासन बेटियों के अधिकारों, सुरक्षा और सशक्तिकरण के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने बताया कि पहले के समय में बेटियों के जन्म को लेकर समाज में नकारात्मक सोच थी, लेकिन आज हालात तेजी से बदल रहे हैं और बेटियों का स्वागत गर्व के साथ किया जा रहा है। उन्होंने अभिभावकों से अपील की कि वे बेटियों को बराबर के अवसर दें और उन्हें अपने जीवन से जुड़े निर्णय स्वयं लेने के लिए प्रोत्साहित करें।
इस अवसर पर जिला कार्यक्रम अधिकारी गगनदीप सिंह, सहायक डायरेक्टर युवक सेवाएं प्रीत कोहली, जिला भाषा विभाग के अधिकारी डॉ. जसवंत राय सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, कर्मचारी, नवजात बेटियों की माताएं एवं उनके परिवारजन बड़ी संख्या में उपस्थित थे।