पर्यावरण संरक्षण और शहर के सौंदर्यीकरण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से विधायक ब्रम शंकर जिम्पा ने आज दशहरा ग्राउंड के नजदीक शनि मंदिर के साथ बने पार्क में अरोड़ा महासभा द्वारा आयोजित पौधरोपण कार्यक्रम में भाग लिया। इस दौरान उन्होंने पार्क में पौधे लगाकर हरियाली बढ़ाने का संदेश दिया तथा समाज के सभी वर्गों से पर्यावरण संरक्षण के लिए आगे आने का आह्वान किया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक जिम्पा ने कहा कि उन्हें इस बात की बेहद खुशी है कि अरोड़ा महासभा ने अरूट जी महाराज के आशीर्वाद से इस पार्क के रख-रखाव और विकास की जिम्मेदारी अपने हाथों में ली है। उन्होंने कहा कि समाज की संस्थाओं द्वारा सार्वजनिक स्थलों की देखभाल के लिए आगे आना एक सकारात्मक पहल है, जिससे शहर के विकास और स्वच्छता को नई दिशा मिलती है।
उन्होंने कहा कि पार्क न केवल लोगों को स्वच्छ वातावरण प्रदान करते हैं, बल्कि बच्चों, युवाओं और बुजुर्गों के लिए भी एक बेहतर सामाजिक और मनोरंजन स्थल का कार्य करते हैं। पार्क की सुंदरता और सुविधाओं को और बेहतर बनाने के लिए विधायक जिम्पा ने अरोड़ा महासभा को 2.50 लाख रुपए की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की।
उन्होंने यह भी कहा कि नगर निगम की ओर से पार्क में आधुनिक लाइटों की व्यवस्था भी जल्द करवाई जाएगी ताकि लोगों को शाम के समय भी बेहतर सुविधाएं मिल सकें। विधायक जिम्पा ने कहा कि पंजाब सरकार मुख्यमंत्री भगवंत मान के नेतृत्व में शहरों और गांवों में हरित क्षेत्रों के विकास तथा पर्यावरण संरक्षण के लिए निरंतर प्रयास कर रही है। उन्होंने लोगों से अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनकी देखभाल करने का आह्वान किया।
इस अवसर पर मेयर सुरिंदर कुमार, अरोड़ा महासभा के प्रदेश अध्यक्ष कमलजीत सेतिया, जिला अध्यक्ष रमेश अरोड़ा, अजय चावला, दविंदर अरोड़ा, दीपक मेहंदीरत्ता, रवि मनोचा, जतिन अरोड़ा, परमजीत सचदेवा, परवीन खुराना, राकेश मेहंदीरत्ता, किट्टू अरोड़ा, राजू अरोड़ा, परमजीत सिंह, गुलशन अरोड़ा, हरजीत सिंह सहित बड़ी संख्या में गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।