विधायक ब्रम शंकर ज़िम्पा एवं मेयर सुरिंदर कुमार ने आज नगर निगम होशियारपुर में आयोजित कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) के अंतर्गत 100 पात्र लाभार्थियों को सेंक्शन लेटर सौंपे। इस अवसर पर उन्होंने लाभार्थियों को बधाई देते हुए कहा कि सरकार की यह महत्वाकांक्षी योजना आम नागरिकों को पक्का और सुरक्षित आवास उपलब्ध कराने की दिशा में एक मजबूत कदम है।
विधायक ब्रम शंकर ज़िम्पा ने जानकारी देते हुए बताया कि इससे पहले भी 170 लाभार्थियों को सेंक्शन लेटर जारी किए जा चुके हैं। उन्होंने बताया कि नगर निगम होशियारपुर की ओर से प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत कुल 337 आवेदन स्वीकृत किए गए थे, जिनमें से अब तक 270 लाभार्थियों को सेंक्शन लेटर प्रदान किए जा चुके हैं।
उन्होंने बताया कि इन 270 लाभार्थियों को योजना के तहत कुल 6.75 करोड़ रुपए की वित्तीय सहायता का लाभ मिला है। विधायक ज़िम्पा ने कहा कि पंजाब सरकार आम आदमी के सम्मानजनक जीवन के लक्ष्य के साथ काम कर रही है। उन्होंने स्पष्ट किया कि पात्रता की सभी शर्तें पूरी करने वाले किसी भी व्यक्ति को योजना के लाभ से वंचित नहीं रहने दिया जाएगा।
उन्होंने नगर निगम और संबंधित विभागों को निर्देश दिए गए हैं कि लंबित मामलों का शीघ्र निपटारा कर शेष लाभार्थियों को भी जल्द सेंक्शन लेटर जारी किए जाएं। मेयर सुरिंदर कुमार ने कहा कि नगर निगम होशियारपुर पूरी पारदर्शिता और तत्परता के साथ आवास योजना को लागू कर रहा है।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि लाभार्थियों को निर्माण कार्य के दौरान किसी प्रकार की परेशानी न हो और उन्हें समय पर किस्तों का भुगतान सुनिश्चित किया जाए। इस दौरान लाभार्थियों ने सरकार का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह योजना उनके सपनों के घर को साकार करने में मील का पत्थर साबित होगी।
इस अवसर पर नगर निगम कमिश्नर ज्योति बाला मट्टू, सीनियर डिप्टी मेयर प्रवीण सैनी, डिप्टी मेयर रंजीत चौधरी, संयुक्त कमिश्नर संदीप, सहायक कमिश्नर अजय कुमार, एस.ई सतीश सैनी, एम.टी.पी लखवीर सिंह, एम.आई.एस स्पेशलिस्ट पुनीत जोशी के अलावा अलग-अलग वार्डों के पार्षद भी मौजूद थे।