विधानसभा क्षेत्र अमलोह के विधायक गुरिंदर सिंह गैरी बड़िंग ने आज मंडी गोबिंदगढ़ के जिमखाना क्लब में 4.56 करोड़ रुपये की लागत से तैयार होने वाले ऑल वेदर स्विमिंग पूल (सभी मौसमों के लिए उपयुक्त) का शिलान्यास किया। इस मौके पर विधायक गुरिंदर सिंह गैरी बड़िंग ने कहा कि इस स्विमिंग पूल के बनने से इलाके के लोगों की लंबे समय से चली आ रही मांग पूरी होगी और इस स्विमिंग पूल का काम आगामी 6 महीनों के भीतर पूरा कर लिया जाएगा।
उन्होंने बताया कि लोगों के लिए इस पूल में सर्दियों के दौरान गर्म पानी और गर्मियों के दौरान ताज़े पानी की सुविधा उपलब्ध होगी। उन्होंने बताया कि इस स्विमिंग पूल का आकार, ओलंपिक स्विमिंग पूल से आधा होगा, जहाँ एक विशेषज्ञ तैराकी कोच द्वारा प्रशिक्षण दिया जाएगा।
उन्होंने यह भी बताया कि इस स्विमिंग पूल का लाभ, मंडी गोबिंदगढ़ का कोई भी व्यक्ति ले सकेगा। विधायक गुरिंदर सिंह गैरी बड़िंग ने बताया कि स्विमिंग पूल के साथ-साथ चेंजिंग रूम, कोच का कमरा और लड़के तथा लड़कियों के लिए अलग शौचालय बनाए जाएंगे।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान की योग्य अगवाई में पंजाब सरकार, राज्य के सर्वांगीण विकास के लिए महत्वपूर्ण प्रयास कर रही है जिससे लोगों को अधिक से अधिक सहूलियतें मिलेंगी। विधायक गुरिंदर सिंह गैरी बड़िंग ने कहा कि पंजाब में जब से आम आदमी पार्टी के नेतृत्व वाली राज्य सरकार ने सत्ता संभाली है तभी से लोगों के व्यापक हितों को सुनिश्चित करने के लिए कई ऐतिहासिक फैसले किए गए हैं और अब प्रत्येक नागरिक को 10 लाख रुपये तक के मुफ्त इलाज की सुविधा देकर सरकार ने लोगों को बड़ी राहत दी है।
उन्होंने कहा कि मंडी गोबिंदगढ़ के लोगों से स्विमिंग पूल बनाने का वादा किया गया था जो कि अगले छह महीनों के भीतर पूरा हो रहा है। इस मौके पर नगर कौंसिल मंडी गोबिंदगढ़ के प्रधान हरप्रीत सिंह प्रिंस सहित बड़ी संख्या में अन्य शख्सियतें भी मौजूद थीं।