उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने भारतीय प्रबंधन संस्थान जम्मू में पाँच दिवसीय ओरिएंटेशन कार्यक्रम के समापन सत्र को संबोधित किया। इस अवसर पर, उपराज्यपाल ने परिसर में तेजस स्पोट्र्स कॉम्प्लेक्स का भी उद्घाटन किया। अपने संबोधन में, उपराज्यपाल ने सभी छात्रों को उनकी नई यात्रा की शुरुआत पर शुभकामनाएँ दीं।
उन्होंने प्रबंधन के छात्रों से लोगों के जीवन में बदलाव लाने, समावेशी विकास को बढ़ावा देने और यह सुनिश्चित करने का आह्वान किया कि कोई भी पीछे न छूटे। उपराज्यपाल ने कहा “मैं युवा और प्रतिभाशाली दिमागों को कल के व्यावसायिक नेताओं और विचारकों के रूप में देखना चाहता हूँ जो समाज की आर्थिक प्रगति और इस महान देश के भविष्य को आकार देंगे।
जैसा कि हम 2047 तक भारत को एक विकसित देश बनाना चाहते हैं, हमें सभी के लिए अधिक समृद्धि सुनिश्चित करनी होगी। भारत के व्यावसायिक नवाचार और संसाधन प्रबंधन का भविष्य कल के व्यापारिक नेताओं और विचारकों के कंधों पर टिका है।
उपराज्यपाल ने कहा, “औद्योगिक विकास में तेज़ी लाना, निजी निवेश को सुरक्षित करना, आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा देना और देश की आर्थिक स्थिरता को सहारा देने वाले निजी क्षेत्र का निर्माण करना व्यापारिक नेताओं और विचारकों की ज़िम्मेदारी होगी।“
उपराज्यपाल ने इस बात पर प्रकाश डाला कि माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में, जम्मू-कश्मीर शिक्षा और नवाचार का एक प्रमुख केंद्र बनकर उभरा है। उन्होंने जम्मू-कश्मीर के शिक्षा क्षेत्र में महत्वपूर्ण योगदान के लिए आईआईएम जम्मू की सराहना की।
उन्होंने कहा कि आज उद्घाटन किया गया तेजस स्पोट्र्स कॉम्प्लेक्स छात्रों के समग्र विकास के लिए आईआईएम जम्मू की प्रतिबद्धता का प्रतीक है। उपराज्यपाल ने कहा कि आईआईएम जम्मू में छात्रों की नई यात्रा शैक्षणिक जगत और वास्तविक दुनिया के बीच एक मज़बूत संबंध स्थापित करेगी, जिससे यह सुनिश्चित होगा कि कौशल और मूल्यों के मिश्रण के माध्यम से, वे राष्ट्र निर्माण में योगदान देने के लिए तैयार सक्षम पेशेवर बनकर उभरें।
उन्होंने इस बात पर ज़ोर दिया कि 5ब्े सहयोग, आलोचनात्मक सोच, संचार, रचनात्मकता और जिज्ञासा, भविष्य के व्यावसायिक नेताओं को आवश्यक जीवन कौशल से लैस करेंगे और उन्हें तेज़ी से विकसित हो रही दुनिया की चुनौतियों का प्रभावी ढंग से सामना करने के लिए सशक्त बनाएंगे।
“प्रौद्योगिकी तेज़ी से हमारी दुनिया, विशेष रूप से व्यावसायिक परिदृश्य को नया रूप दे रही है। आपकी भूमिका व्यवसाय को आसान बनाने तथा सभी के लिए जीवन को आसान बनाने के लिए प्रबंधन प्रथाओं और तकनीकी नवाचार का उपयोग करना होगी।
उपराज्यपाल ने आगे कहा, “आपका नेतृत्व और समस्या-समाधान कौशल सामाजिक विकास को नई गति प्रदान करेगा और स्थायी व्यावसायिक मॉडलों के माध्यम से स्थानीय उद्यमिता संस्कृति को बढ़ावा देगा।“ आईआईएम जम्मू में छात्रों का नया बैच अपने विभिन्न शैक्षणिक कार्यक्रमों में विविधतापूर्ण समूह को एक साथ लाता है, जिसमें शैक्षणिक वर्ष के लिए कुल 474 छात्रों का नामांकन है।
इसमें एमबीए, एमबीए (हेल्थकेयर एंड हॉस्पिटल मैनेजमेंट), पीएचडी और पीएचडी (वर्किंग प्रोफेशनल्स), और ईएमबीए कार्यक्रमों के प्रतिभागी शामिल हैं। इस अवसर पर आईआईएम जम्मू के निदेशक प्रो. बी.एस. सहाय, आरपीएसजी एफएमसीजी के सीईओ और एमडी सुधीर लैंगर, वरिष्ठ अधिकारी, विभागाध्यक्ष, संकाय सदस्य और आने वाले छात्रों के बैच उपस्थित थे।