उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने नागरिक सचिवालय में लाइव लोक शिकायत सुनवाई कार्यक्रम ‘‘एलजी के मुलाकात‘‘ के दौरान जेकेआईजीआरएएमएस पर शिकायत दर्ज कराने वाले नागरिकों के साथ बातचीत की। वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से लोगों, संबंधित उपायुक्तों और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षकों के साथ बातचीत करते हुए, उपराज्यपाल ने नागरिकों से प्राप्त शिकायतों पर की गई कार्रवाई का मूल्यांकन किया।
”उपराज्यपाल ने कहा “प्रशासन सभी नागरिकों और हमारे जीवंत समाज के हर वर्ग की आकांक्षाओं का प्रतिनिधित्व करता है। सेवाओं की समयबद्ध डिलीवरी, शिकायतों का त्वरित और प्रभावी निवारण प्रशासन की विकास पहल का मूल है’’। उपराज्यपाल ने उपायुक्तों को नागरिकों के साथ रचनात्मक रूप से जुड़ने, गरीबों और जरूरतमंदों की चिंताओं को प्राथमिकता देने और सभी मुद्दों को पारदर्शी तरीके से हल करने का निर्देश दिया।
उन्होंने कहा कि पार्कों और ऐसी अन्य सार्वजनिक संपत्तियों के रखरखाव के लिए, हम निवासियों की भागीदारी भी चाहते हैं। हम अपने नागरिकों को बेहतर जीवन गुणवत्ता प्रदान करने के लक्ष्य हेतु प्रतिबद्ध हैं और सामुदायिक भागीदारी पार्कों और सार्वजनिक स्थानों की स्वच्छता में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। उपराज्यपाल ने जेकेआईजीआरएएमएस पर फर्जी शिकायतों पर भी कड़ा संज्ञान लिया और कहा कि इस प्रथा को बंद करने की जरूरत है।
यह मंच परेशानी मुक्त सार्वजनिक सेवाएं प्रदान करने और जन-केंद्रित शासन के उद्देश्य को प्राप्त करने के लिए, यदि कोई हो, कमियों की पहचान करने के लिए है। उपराज्यपाल ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि सार्वजनिक पहंुच कार्यक्रमों के माध्यम से, हमें लोगों को अधिक पारदर्शी, जवाबदेह और नागरिक-अनुकूल शासन के लिए वास्तविक शिकायतें दर्ज करने के लिए संवेदनशील और प्रोत्साहित करने की आवश्यकता है।
ओडिना सोनावारी में अपने इलाके में खराब कुएं के बारे में बांदीपोरा के मोहम्मद अफजल भट्ट की शिकायत के जवाब में, उपराज्यपाल ने संबंधित मुख्य अभियंता को नया कुआं बनने तक प्रभावित क्षेत्र के निवासियों को पर्याप्त पानी की आपूर्ति प्रदान करने के लिए वैकल्पिक व्यवस्था करने का निर्देश दिया।
सरकारी गर्ल्स स्कूल दब गांदरबल की अधूरी इमारत से संबंधित शिकायत पर, उपायुक्त ने उपराज्यपाल को बताया कि स्कूल को नए भवन में स्थानांतरित कर दिया गया है और स्वच्छता सुविधाओं की उपलब्धता और बाड़ की स्थापना सुनिश्चित करने के लिए धन भी जारी किया गया है। जम्मू से सोमराज ने भगवती नगर क्षेत्र में हैंडपंपों की पुनः स्थापना के मुद्दे पर उपराज्यपाल का ध्यान आकर्षित किया।
उपराज्यपाल ने इस मुद्दे पर विवरण मांगा और उपायुक्त को इसे जल्द से जल्द हल करने हेतु प्रभावी कदम उठाने का निर्देश दिया। पुंछ के एक शिकायतकर्ता इरफान अली की उनके गांव कांगड़ा गलहुटा मेंढर में सड़क की जर्जर हालत के बारे में शिकायत पर, प्रमुख सचिव, लोक निर्माण ने उपराज्यपाल को बताया कि उक्त सड़क के लिए डीपीआर तैयार कर लिया गया है और इस पर जल्द काम किया जाएगा।
बाद में, उपराज्यपाल ने ईद-उल-अदा त्योहार और श्री अमरनाथ जी यात्रा के लिए जिला प्रशासन द्वारा की गई व्यवस्था की समीक्षा हेतु एक बैठक की अध्यक्षता की। विशेष रूप से रामबन, अनंतनाग और उधमपुर में यातायात एक प्रमुख मुद्दा है, विशेषकर रामबन सबसे संवेदनशील क्षेत्र है। उपराज्यपाल ने कहा कि श्री अमरनाथ जी यात्रा के दौरान निर्बाध यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए एक व्यापक यातायात योजना क्रियान्वित की जानी चाहिए।
उपायुक्त रामबन और एसएसपी रामबन ने अध्यक्ष को महत्वपूर्ण हिस्सों की स्थिति और यातायात को मोड़ने के लिए पहचाने जा रहे आकस्मिक मार्ग के बारे में जानकारी दी। आईजीपी यातायात ने अध्यक्ष को यह भी बताया कि बाधाओं की पहचान कर ली गई है और यात्रा अवधि के दौरान सुचारू यातायात संचालन के लिए व्यवहार्य समाधान तलाशे जा रहे हैं। आयुक्त/सचिव लोक शिकायत रेहाना बातुल ने उपराज्यपाल की मुलाकात की कार्यवाही का संचालन किया।
इस अवसर पर अतिरिक्त मुख्य सचिव गृह विभाग आर.के. गोयल, उपराज्यपाल के प्रमुख सचिव डॉ. मनदीप कुमार भंडारी, प्रशासनिक सचिव, संभागीय आयुक्त, उपायुक्त, एसएसपी, विभागाध्यक्ष और अन्य वरिष्ठ अधिकारी व्यक्तिगत रूप से और वर्चुअल मोड के माध्यम से उपस्थित हुए।