वन मंत्री ठाकुर सिंह भरमौरी से आज यहां हिमाचल प्रदेश राज्य वन निगम कर्मचारी संघ के सदस्यों ने संघ के अध्यक्ष श्री संजय शर्मा के नेतृत्व में भेंट की और उन्हें अपना मांग पत्र सौंपा।श्री ठाकुर सिंह भरमौरी ने संघ को आश्वस्त किया कि उनकी सभी जायज मांगों पर सहानुभूतिपर्वूक विचार किया जाएगा और इन्हें पूरा करने के प्रयास किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि निगम को अपनी आय के स्रोतों में वृद्धि करने पर ध्यान देना चाहिए। उन्होंने निगम को खनन, इको-टूरिज्म और अन्य सम्बन्धित क्षेत्रों में कार्य विस्तार का परामर्श दिया। वन मंत्री को संघ ने अवगत करवाया कि निगम में सहायक प्रबन्धक के कुल 92 पदों में से 29 को वर्ष 2009 में अल्पावधि के लिए बंद कर दिया था। उन्होंने मांग की कि इन पदों को पुनः बहाल किया जाए ताकि क्षेत्रीय स्तर पर कार्यरत कर्मचारियों की लम्बित पड़ी पदोन्नतियां आरम्भ हो सकें।
उन्होंने वन मंत्री से आग्रह किया कि निगम में सहायक प्रबन्धकों को सेवा अवधि के आधार पर बिना शर्त उपमण्डीलय प्रबन्धक अथवा वरिष्ठ सहायक के पद पर पदोन्नत किया जाए। उन्होंने आग्रह किया कि क्षेत्रीय स्तर पर कार्यरत चौकीदारों और फील्डमैन की पदोन्नति के लिए निर्धारित सीमा को आठ वर्ष से घटाकर पांच वर्ष किया जाए।
संघ ने आग्रह किया कि सोलन जिले के बद्दी में स्थित डिपो की भूमि को वन निगम के नाम स्थानांतरित किया जाए क्योंकि वर्ष 1985 से ही यहां निगम का डिपो कार्यरत है।इस अवसर पर निगम कर्मचारियों की राज्य इकाई के उपाध्यक्ष श्री प्रीतम पाल, उपाध्यक्ष श्री सोहन सिंह कौशल, शिमला, सोलन, नालागढ़ और बद्दी के निगम से जुड़े कर्मचारी तथा हिम काष्ठ विक्रय मण्डल से जुड़े कर्मचारी भी उपस्थित थे।