पंजाब के लिए दो नये एक्सप्रेस हाईवे मंजूर करने के लिए भारत सरकार की सराहना करते हुये, पंजाब के मुख्यमंत्री प्रकाश सिंह बादल ने आज कहा कि यह एक्सप्रैस हाईवे लोगों को बेहतर सड़कीय सुविधांए उपलब्ध करवाने के साथ राज्य के विकास एवं समृद्धि को नई दिशा देंगे।आज यहां लंबी विधानसभा क्षेत्र में संगत दर्शन समागमों के दौरान पत्रकारों से बातचीत करते हुये, मुख्यमंत्री ने कहा कि यह एक तथ्य है कि केंद्र की वर्तमान एनडीए सरकार ने विकास प्रौजेक्टों में पंजाब को बड़ा हिस्सा दिया है जबकि अतीत में गत् केंद्र सरकारों ने राज्य के विकास को कभी भी इतना महत्व नही दिया था। उन्होंने कहा कि यह केंद्र सरकार के पंजाब के प्रति लगाव की ही झलक है। उन्होंने कहा कि इन प्रोजेक्टों का पंजाब के आवाम को बड़ा लाभ होगा क्योंकि इन राजमार्गो के बनने से लोगों का सफर सरल होगा और उनका समय, धन तथा उर्जा बचेगी।एक अन्य प्रशन के उत्तर में मुख्यमंत्री ने धान की फसल का दाना-दाना मंडियों में से उठाये जाने के प्रति अपनी सरकार की वचनबद्धता दोहराते हुये कहा कि राज्य सरकार ने धान की निर्विघ्न और तेजी से खरीद के लिए उचित प्रबंध किये हैं। उन्होंने कहा कि खरीद प्रबंधों पर राज्य सरकार की तीखी नजर है ताकि यह विश्वसनीय बनाया जा सके कि धान के मंडीकरण में किसानों को किसी भी किस्म की कोई कठिनाई ना आने दी जाये। कांग्रेस पार्टी द्वारा अनाज खरीद फंडों संबंधी लगाये जा रहे आरोपों को सिरे से नकारते हुये मुख्यमंत्री ने इसको कांग्रेसी नेताओं की 'कोरी कल्पना करार दिया। उन्होंने कहा कि संपूर्ण खरीद प्रक्रिया की रिजर्व बैंक ऑफ इंडिया जैसी संस्थाओं द्वारा निगरानी होती है और फंडों में गबन की कोई संभावना नही। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी इस मुद्दे पर लोगों को गुमराह कर रही है जबकि जिस 30 हजार करोड़ रुपये की वह बात करते हैं उसमें गत् सरकारों के समय हुई खरीद भी शामिल है।
मुख्यमंत्री ने एक अन्य प्रशन के उत्तर में बात करते हुये भारत सरकार को भारत-पाक सीमा पर सुरक्षा और मज़बूत करने के लिए कहा। उन्होंने कहा कि देश में घुसपैठ की घटनांए रोकने के लिए भारत सरकार को उचित कदम लेने चाहिए। उन्होंने भारत सरकार द्वारा अंतरराष्ट्रीय सीमा के समीप 10 कि.मी के क्षेत्र में से हटाये गये लोगों को वापिस घरों में भेजने का फैसला करने पर प्रसन्नता व्यक्त की।इसी प्रकार कैलीफोर्निया में सिखों पर हुये हमले की निंदा करते हुये मुख्यमंत्री ने कहा कि भारत सरकार इस मसले को संबंधित देश की सरकार के साथ योग्य ढंग से उठायेगी ताकि ऐसी घटनाओं के दोहराओं पर रोकथाम की जा सके।इससे पूर्व गांव डबवाली मलकोकी, कंगनखेड़ा, खेमाखेड़ा, तरमाला, ढाणी तेलियांवाली, कंदूखेड़ा में संगतदर्शन समागमों को संबोधित करते हुये मुख्यमंत्री ने कहा कि गत् एक दशक में राज्य में बेमिसाल विकास हुआ है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने देहाती और शहरी क्षेत्र में विकास के लिए बड़े प्रयास किये हैं। सरकार के इन प्रयासों के कारण ही पंजाब विभिन्न क्षेत्रों में देश का अग्रणीय राज्य बनकर उभरा है। पंजाब सरकार द्वारा चलाई जा रही लोक भलाई की स्कीमों का जिक्र करते हुये मुख्यमंत्री ने कहा कि पंजाब सरकार द्वारा किसानों को खेती के लिए निशुल्क बिजली दी जा रही है जिसपर गत् 10 वर्ष में कोई 50 हजार करोड़ रुपये खर्च किये हैं। उन्होंने कहा कि पंजाब देश का अकेला ऐसा राज्य है जिसने सबसे पहले आटा-दाल स्कीम बनाकर लागू की थी और कैंसर तथा काला पीलिया का निशुल्क ईलाज की सुविधा देने वाला पंजाब देश का पहला राज्य है। उन्होंने कहा कि पंजाब सरकार ने छोटे किसानों को 50 हजार रुपये तक के कृषि ऋृण व्याज मुक्त करने का फैसला किया है जबकि किसानों, आटा-दाल स्कीम के लाभपात्रियों, छोटे व्यापारियों और निर्माण श्रमिकों के लिए 50 हजार रुपये तक का स्वास्थय बीमे की स्कीम भी सरकार ने लागू की है जिस तहत दुर्घटना में परिवार के मुखी की मौत हो जाने पर परिवार को 5 लाख रुपये का दुर्घटना बीमा भी मिलता है।इस अवसर पर मुख्यमंत्री के साथ पंजाब एग्रो के चेयरमैन जत्थेदार दयाल सिंह कोलियांवाली, शिरोमणि अकाली दल के जिला कोऑर्डीनेटर स. अवतार सिंह वनवाला, चेयरमैन पनकोफैड स. कुलविंदर सिंह भाईकाकेरा, पंजाब मंडी बोर्ड के वाइस चेयरमैन स. मंदीप सिंह पप्पी तरमाला, मुख्यमंत्री के विशेष प्रधान सचिव स. के जे एस चीम, उपायुक्त श्री सुमित जारंगल और एसएसपी गुरप्रीत सिंह गिल के अतिरिक्त प्रमुख नेता उपस्थित थे।