आयुर्वेद एवं सहकारिता मंत्री कर्ण सिंह ने रविवार को बंजार का दौरा किया और लोगों की समस्याएं सुनीं। लोक निर्माण विभाग के विश्राम गृह में बड़ी संख्या में अपनी समस्याएं लेकर पहुंचे आम लोगों और कांग्रेस पाटी के पदाधिकारियों को संबोधित करते हुए कर्ण सिंह ने कहा कि बंजार के चहुमुखी विकास के लिए प्रदेश सरकार ने तीन वर्षों के दौरान कई परियोजनाएं मंजूर की हैं और इन्हें चरणबद्ध तरीके से अमलीजामा पहनाया जा रहा है। सरकार ने हर वर्ग के उत्थान के लिए कई कल्याणकारी योजनाएं आरंभ की है। उन्होंने विशेषकर पार्टी पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं से अपील की कि वे इन कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी आम लोगों तक पहुंचाएं ताकि वे इनका लाभ उठा सकें।
कर्ण सिंह ने पार्टी पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं से विभिन्न विकास कार्यों के संबंध में फीडबैक भी लिया। उन्होंने कहा कि इन विकास कार्यों को गति प्रदान करने के लिए सभी संबंधित विभागों के अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए जा रहे हैं। इसके बाद आयुर्वेद मंत्री ने नवनिर्वाचित नगर पंचायत बंजार के अभिनंदन समारोह में भी भाग लिया तथा सभी नवनिर्वाचित जनप्रतिनिधियों को बधाई दी।इस अवसर पर बंजार ब्लाॅक कांग्रेस अध्यक्ष जयबिहारी लाल, महासचिव मोती राम पालसरा, थरमन पालसरा, नगर पंचायत बंजार के नवनिर्वाचित अध्यक्ष कुंजलाल राणा, उपाध्यक्ष ज्ञान सागर, अन्य पार्षद, पूर्व बीडीसी अध्यक्ष प्रभा पालसरा, पूर्व बीडीसी उपाध्यक्ष किशन ठाकुर, पार्टी के अन्य पदाधिकारी, स्थानीय निकायों के नवनिर्वाचित जनप्रतिनिधि व अन्य गणमान्य लोग भी उपस्थित थे।