स्वर्ण मंदिर(हरमिंदर साहिब) के बाद सिख समुदाय के दूसरे बड़े तीर्थ स्थल आनंदपुर साहिब में तख्त केशगढ़ साहिब के जत्थेदार (मुखिया) उस समय घायल हो गए, जब एक गं्रथी ने मंगलवार को उन पर एक धारदार हथियार से हमला कर दिया। पुलिस के अनुसार, जत्थेदार माल सिंह को हमले के बाद अस्पताल ले जाया गया, जहां उपचार के बाद उन्हें छुट्टी दे दी गई।आनंदपुर साहिब से 12 किमी दूर किरतपुर साहिब गुरुद्वारे के जोगा सिंह को सुरक्षाकर्मियों ने काबू में करके पुलिस के हवाले कर दिया।
जोगा सिंह ने जत्थेदार को मारने की कोशिश की थी, लेकिन वह केवल उनकी जांघ पर ही वार कर पाया। पुलिस अधिकारियों ने कहा कि हमले की वजह का पता लगाया जा रहा है। पुलिस सूत्रों के मुताबिक, हमले का संबंध केशरगढ़ साहिब के जत्थेदार सहित पांच उच्च ग्रंथियों (पंच प्यारे) के उस निर्णय से हो सकता है, जिसमें डेरा सच्चा सौदा के विवादास्पद प्रमुख गुरमीत राम रहीम को माफी दे दी गई थी।
सिख समुदाय की सर्वोच्च निर्णायक संस्था, अकाल तख्त द्वारा गुरमीत राम रहीम को माफी दिए जाने को लेकर पैदा हुए विवाद के बाद पांचों सिख गंरथियों की सुरक्षा बढ़ा दी गई थी।घटना तख्त केशगढ़ साहिब के परिसर के भीतर घटी, जहां खालसा पंथ की स्थापना गुरु गोविंद सिंह ने 13 अप्रैल, 1699 को की थी।