जम्मू एवं कश्मीर के पूर्व मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने गुरुवार को वरिष्ठ कश्मीरी अलगाववादी नेताओं को उनके घरों में नजरबंद करने और फिर उनकी नजरबंदी हटाने के राज्य सरकार के निर्णय का मखौल उड़ाया। उमर ने सभी वरिष्ठ अलगाववादी नेताओं को नजरबंद करने और एक घंटे से भी कम समय में उनकी नजरबंदी समाप्त करने के बाद ट्विटर पर लिखा, "क्यों? तालमेल की कोई कमी नहीं है। केंद्र ने कहा कि गिरफ्तार करो, तो गिरफ्तार कर लिया। केंद्र ने कहा कि रिहा करो, तो रिहा कर दिया। बेमिसाल तालमेल।"अब्दुल्ला गुरुवार सुबह श्रीनगर में सैयद अली गिलानी, मीरवाइज उमर फारूक, अब्बास अंसारी और मुहम्मद यासीन मलिक जैसे वरिष्ठ अलगाववादी नेताओं को नजरबंद किए जाने और फिर उनकी नजरबंदी समाप्त किए जाने के राज्य सरकार के फैसले पर प्रतिक्रिया दे रहे थे।अलगाववादी नेताओं का आरोप है कि अधिकारियों ने उन्हें 23 अगस्त को पाकिस्तान के राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार सरताज अजीज के साथ नई दिल्ली में होने जा रही उनकी मुलाकात से रोकने के लिए उन्हें नजरबंद किया।