प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोमवार को भारत और वियतनाम के बीच रक्षा सहयोग के क्षेत्र में हुई प्रगति पर संतोष जताया। इस संबंध में जारी एक बयान में कहा गया है कि वियतनाम के राष्ट्रीय रक्षा मामलों के मंत्री फुंग क्वांग थान्ह से मुलाकात के दौरान मोदी ने वियतनाम के प्रधानमंत्री नगुयेन तान दंग के अक्टूबर 2014 के भारत दौरे को याद किया। बयान के मुताबिक, तान्ह ने प्रधानमंत्री मोदी को भारत-वियतनाम के द्विपक्षीय संबंधों में रक्षा एवं सुरक्षा क्षेत्र में हुई प्रगति से अवगत कराया। मोदी ने इस दिशा में आपसी संबंधों में हुई प्रगति पर संतोष जताया। तान्ह और मोदी ने दक्षिण-पूर्वी एशिया क्षेत्र की घटनाक्रमों पर भी चर्चा की।