प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरुवार सुबह महात्मा गांधी को समर्पित स्मारक साल्ट माउंटेन का उद्घाटन किया। यह स्मारक महात्मा मंदिर परिसर के नजदीक स्थापित किया गया है। महात्मा मंदिर में 13वें प्रवासी भारतीय दिवस (पीबीडी) का भी आयोजन किया गया है। मोदी गांधी कुटीर स्थित गांधी के जीवन को समर्पित प्रदर्शित वस्तु के पास गए और आगंतुक पुस्तिका पर भी लिखा। स्मारक का उद्घाटन पीबीडी के आधिकारिक सत्र की औपचारिक शुरुआत से पहले हुआ है। भारतवंशी नागरिकों के विश्व के सबसे बड़े सम्मेलन 13वें पीबीडी में 4,000 से अधिक प्रतिनिधिमंडल शिरकत कर रहे हैं। इस सम्मेलन का लक्ष्य प्रवासी भारतीयों के बीच संपर्क बढ़ाने के साथ-साथ व्यावसायिक संपर्क को मजबूत करना है। भारत से बाहर विभिन्न देशों में 2.5 करोड़ भारतवंशी निवास करते हैं। सात से नौ जनवरी के बीच गांधीनगर के महात्मा मंदिर परिसर में तीन दिवसीय प्रवासी सम्मेलन का आयोजन किया गया है। यह महात्मा गांधी के दक्षिण अफ्रीका से वापसी के 100 साल पूरे होने पर 'सर्वश्रेष्ठ प्रवासी भारतीय' रूप में मनाया जा रहा है।महात्मा मंदिर परिसर 60,000 वर्ग मीटर में फैला हुआ है।