कर्ण ने सैंज में किया एंबुलैंस का लोकार्पण
कहा, बंजार में किया जा रहा है स्वास्थ्य सेवाओं का विस्तार
Web Admin
5 दरिया न्यूज
कुल्लू , 08 Aug 2013
Last updated on: Aug 08, 2013, 00:00 IST
बंजार के विधायक कर्ण सिंह ने वीरवार को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सैंज में 108 नंबर एंबुलैंस का विधिवत लोकार्पण किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि सैंज घाटी में भी राष्ट्रीय एंबुलैंस सेवा आरंभ होने से घाटी के हजारों लोगों को आपात परिस्थितियों में त्वरित सहायता मिलेगी। कर्ण सिंह ने बताया कि बंजार अस्पताल में पहले से ही 108 नंबर पर निशुल्क एंबुलैंस सेवा उपलब्ध थी और सैंज में इसकी काफी जरूरत महसूस की जा रही थी। विधायक ने बताया कि उन्होंने प्रदेश सरकार के समक्ष इसकी मांग रखी थी, जिसे प्राथमिकता के आधार पर मान लिया गया। उन्होंने कहा कि बंजार क्षेत्र में स्वास्थ्य सुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है ताकि दूरदराज के गांवों के लोगों को आधुनिक चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध हो सकें। एंबुलैंस के लोकार्पण अवसर पर सीएमओ डा. बलदेव ठाकुर, जिला स्वास्थ्य अधिकारी डा. सुशील चंद्र शर्मा, बीएमओ डा. मोहन लाल शासनी और अन्य गणमान्य लोग भी उपस्थित थे।