भारतीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सम्मान में सोमवार शाम सिडनी में आयोजित कार्यक्रम में करीब 20,000 भारतवंशी जमा हुए हैं। आयोजकों ने आयोजन स्थल के बाहर बड़ी टीवी स्क्रीन लगाई है, ताकि करीब 5,000 भारतवंशी मोदी के भाषण को सुन सकें। ओलंपिक पार्क स्थित ऑलफोन्स एरेना में आयोजित कार्यक्रम की शुरुआत महज कुछ घंटे पहले भारतवंशी समुदाय के लोगों में काफी उत्साह देखा गया। कैब कंपनी के मालिक नरिंदर शर्मा ने आईएएनएस से कहा, "मैं मोदीजी के कार्यक्रम में शिरकत करने को लेकर इतना उत्साहित हूं कि कल रात सो नहीं पाया।"सिडनी कार्यक्रम का उत्साह सिर्फ इस शहर तक नहीं सिमटा हुआ है। मोदी एक्सप्रेस के नाम से एक चार्टर्ड रेलगाड़ी मेलबर्न से रविवार रात सिडनी के लिए रवाना हुई जिसमें मोदी के 500 समर्थक मौजूद थे। कई समर्थकों को रेलगाड़ी में सीमित सीट की वजह से जगह नहीं मिल पाई।
रंजना सिंह राणा ने मेलबर्न में आईएएनएस से कहा, "मैं भारतीय प्रधानमंत्री के कार्यक्रम में शिरकत करने के लिए सिडनी जाने वाली रेलगाड़ी में सीट नहीं मिल पाने से काफी निराश हूं।"सिडनी भले ही पहली बार मोदी के लिए इतने बड़े कार्यक्रम को आयोजित कर रहा है, लेकिन ऑस्ट्रेलिया में यह पहला मौका नहीं है, इससे पहले ब्रिस्बेन में रविवार को महात्मा गांधी की प्रतिमा के अनावरण कार्यक्रम में भी उनके कई समर्थक नजर आए थे। लेकिन यह सिडनी ही है, जहां ऑस्ट्रेलिया की मुख्यधारा वाली मीडिया का जमावड़ा लगा हुआ है। ऑस्ट्रेलिया में अब तक किसी विदेशी राजनेता के लिए इतने बड़े कार्यक्रम का आयोजन नहीं किया गया। आयोजक इंडियन ऑस्ट्रेलियन कम्युनिटी फाउंडेशन (आईएसीएफ) को इस बात का भरोसा है कि वह न्यूयार्क के मेडिसन स्क्वे यर से भी बड़ा आयोजन करेंगे। एक तरफ ऑलफोन्स एरेना कार्यक्रम को लेकर लोगों में उत्साह है वहीं कुछ अप्रवासी भारतीय मोदी के कार्यक्रम के आयोजन के तरीके से खुश नहीं हैं। इनमें भारतवंशी ऑस्ट्रेलियाई सिख समुदाय के लोग भी शामिल हैं।