प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बुधवार को कहा कि दक्षिण पूर्व एशियाई देशों के संगठन (आसियान) से जुड़े देशों के साथ भारत के बहुत अच्छे संबंध हैं। नई दिल्ली 10 देशों के इस संगठन को बहुत महत्व देता है। आसियान-भारत शिखर सम्मेलन को संबोधित करते हुए मोदी ने कहा, "हमारे संबंध बहुत गहरे हैं। भारत, आसियान की अवधारणा को बहुत गंभीरता से लेता है। आसियान ने एकता और सहयोग की सफलता को दर्शाया है।"मोदी ने यह भी कहा कि हालांकि उनकी नई सरकार को महज छह महीने ही हुए हैं, लेकिन इसने पूर्वी देशों के साथ अपने संबंधों पर जोर दिया है। उन्होंने बताया, "यह बहुत गर्व और खुशी की बात है कि मुझे आसियान-भारत शिखर सम्मेलन में खास तौर से म्यांमार की धरती पर बोलने का मौका मिला, जो कि भारत का अच्छा पड़ोसी है।"तकनीकी खराबी के कारण भाषण कुछ मिनटों के लिए बाधित हुआ। प्रधानमंत्री ने माइक पकड़कर आयोजकों से कहा 'ऑडियो प्रॉब्लम?'। उन्होंने अपने भाषण में आसियान-भारत संबधों की निकटता पर प्रकाश डाला।