प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंगलवार को छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री रमन सिंह से कहा कि राज्य में आयोजित नसबंदी शिविर में हुई आठ महिलाओं की मौत की गहन जांच सुनिश्चित कराई जाए। प्रधानमंत्री कार्यायल से एक ट्विट में कहा गया है, "प्रधानमंत्री ने छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह से बिलासपुर में घटी इस दुखद घटना पर बात की। प्रधानमंत्री ने इस त्रासदी पर चिंता जाहिर की।"एक अन्य ट्विट में कहा गया है, "प्रधानमंत्री ने डॉ. रमन सिंह से कहा कि पूरे मामले में गहन जांच कराई जाए और कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।"मृतकों के अलावा 50 से अधिक महिलाओं को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। ये सभी महिलाएं राज्य के बिलासपुर जिले में राज्य सरकार द्वारा आयोजित एक नसबंदी शिविर में सर्जरी के बाद बीमार पड़ गईं। बिलासपुर के मुख्य चिकित्सा अधिकारी सहित चार स्वास्थ्य अधिकारियों को इस मामले में निलंबित कर दिया गया है।