विधायक कर्ण सिंह ने शुक्रवार को बंजार के निकट देहुरी में लगभग दो करोड़ रूपये की लागत से निर्मित पुल और देहुरी-घरटगाड़ सड़क का उदघाटन किया तथा हिमाचल पथ परिवहन निगम की बस को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इसके बाद घरटगाड़ में जनसभा को संबोधित करते हुए कर्ण सिंह ने कहा कि इस पुल व सड़क के चालू हो जाने से ग्राम पंचायत कलवारी, श्रीकोट और आसपास की अन्य पंचायतों के हजारों लोगों को सुविधा होगी। इस सड़क के कार्य को आगे भी प्राथमिकता के आधार पर पूरा किया जाएगा, ताकि दुर्गम गांव सड़क से जुड़ सके।कर्ण सिंह ने कहा कि दूरदराज के क्षेत्रों को मूलभूत सुविधाएं मुहैया करवाना उनकी प्राथमिकता है और वह इस दिशा में लगातार प्रयासरत है। इसी कड़ी में कलवारी और श्रीकोट के स्कूलों को प्राथमिकता के आधार पर अपग्रेड किया गया है और शपनिल स्कूल को भी जल्द ही अपग्रेड कर दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि बंजार अस्पताल के विस्तार के लिए धनराशि का प्रावधान किया गया है और बंजार क्षेत्र के केंद्रीय स्थल पर अग्निशमन केंद्र भी स्थापित किया जाएगा। विधायक ने देवता पालीनाग सराय और शनाड़ के रास्ते के लिए एक-एक लाख रूपये देने की घोषणा की। उन्होंने क्षेत्र की वोल्टेज समस्या के समाधान के लिए नया ट्रांसफार्मर स्थापित करवाने का ऐलान भी किया।
इस अवसर पर पूर्व विधायक दिलेराम शवाब ने बताया कि कांग्रेस के शासनकाल में ही देहुरी में छोटा पुल बनाया गया था और अब कांग्रेस की ही सरकार ने यहां बड़े पुल व सड़क का निर्माण करके क्षेत्रवासियों को बहुत बड़ी सौगात दी है। इस मौके पर ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष जय बिहारी लाल, प्रदेश कार्य समिति सदस्य राम सिंह, ब्लॉक सचिव नरोतम सिंह, स्थानीय पंचायत प्रधान डाबे राम और उपप्रधान एमएस राठौर ने भी अपने विचार रखे तथा विधायक के समक्ष क्षेत्र की विभिन्न मांगें रखीं। कार्यक्रम में मंडी संसदीय क्षेत्र के युवा कांग्रेस अध्यक्ष आदित्य विक्रम सिंह, बीडीसी उपाध्यक्ष किशन ठाकुर, जिला कांग्रेस महासचिव चंद्रवल्लभ नेगी, प्रवक्ता दलीप बिष्ट, तहसीलदार रमन घरसंगी, पीडब्ल्यूडी मैकेनिकल विंग के एक्सईएन अजय शर्मा, एक्सईएन जितेंद्र गुप्ता, एसडीओ केजी शर्मा, एचआरटीसी के आरएम पवन शर्मा, अन्य विभागों के अधिकारी, कांग्रेस के पदाधिकारी व विभिन्न पंचायतों के जनप्रतिनिधि व अन्य गणमान्य लोग भी उपस्थित थे।