प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने संयुक्त राष्ट्र के 69वें स्थापना दिवस पर इस संस्था को बधाई दी और कहा कि यह भविष्य की रूपरेखा पर विचार करने का भी दिन है। 24 अक्टूबर, 1945 के दिन संयुक्त राष्ट्र का चार्टर लागू हुआ था। प्रधानमंत्री कार्यालय की ओर से किए गए ट्विट के अनुसार, "यह संयुक्त राष्ट्र की उपलब्धियों का जश्न मनाने और भविष्य की रूपरेखा पर विचार करने का दिन है।"उन्होंने कहा, "संयुक्त राष्ट्र के सभी सदस्य देशों के लिए आने वाले सालों में विश्व की शांति और समृद्धि के लिए साथ मिलकर काम करना समय की जरूरत है।"संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद में तत्काल सुधार की मांग करने वालों और स्थायी सदस्यता का दावा करने वालों में भारत सबसे आगे खड़ा है। मोदी ने पिछले महीने संयुक्त राष्ट्र महासभा में अपने भाषण के दौरान भी इस मुद्दे को उठाया था।