मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह ने कहा कि सरकार सड़कों के निर्माण को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रही है क्योंकि सड़कें हिमाचल प्रदेश जैसे पहाड़ी राज्यों की भाग्य रेखाएं हैं। मुख्यमंत्री आज शिमला ग्रामीण चुनाव क्षेत्र के अन्तर्गत हाल ही में स्तरोन्नत माध्यमिक पाठशाला मूल-भज्जी और 78 लाख रुपये की लागत से निर्मित दो किलोमीटर लम्बे देवठी संपर्क मार्ग का शुभारम्भ करने के उपरांत खटनोल में एक जनसभा को सम्बोधित कर रहे थे। उन्होंने ग्राम पंचायत हिमरी के अन्तर्गत बनुणा में पशु पालन विभाग के अस्पताल भवन की आधारशिला भी रखी जिसका निर्माण 65 लाख रुपये की लागत से किया जाएगा।मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार सड़कों के निर्माण और रखरखाव पर विशेष ध्यान दे रही है क्येंकि राज्य की आर्थिकी मुख्यत: सड़कों पर निर्भर है। इस वित्त वर्ष के दौरान 515 किलोमीटर वाहन योग्य सड़कों और 35 पुलों का निर्माण किया जाएगा। इसके अलावा प्रदेश में राष्ट्रीय उच्च मार्गों का भी उचित रखरखाव किया जाएगा।वीरभद्र सिंह ने कहा कि शिक्षा क्षेत्र सरकार की शीर्ष प्राथमिकताओं में शामिल है और इस वित्त वर्ष के दौरान इस क्षेत्र के लिए 3836 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है जो कुल बजट का 17.6 प्रतिशत है। सरकार आईआईटी, आईआईएम और एम्स जैसे प्रतिष्ठित राष्ट्रीय संस्थानों में प्रवेश पाने वाले प्रदेश के विद्यार्थियों को प्रोत्साहित करने के लिए 75 हजार रुपये का नकद प्रोत्साहन प्रदान करेगी। राज्य सरकार ने जमा दो व इससे अधिक शिक्षित प्रदेश के बेरोजगार युवाओं को एक हजार रुपये का दक्षता विकास भत्ता देने का भी निर्णय लिया है।मुख्यमंत्री ने कहा कि सामाजिक सुरक्षा पैंशन के लम्बित सभी 10,900 मामलों को स्वीकृति प्रदान की गई है जिन्हें बढ़ी हुई दरों के अनुरूप 500 रुपये प्रतिमाह पैंशन मिलेगी। 80 वर्ष से अधिक आयु के पैंशनधारकों को एक हजार रुपये प्रति माह की दर से पैंशन प्रदान की जाएगी।उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार द्वारा पहले ही डाबरी माध्यमिक पाठशाला को उच्च पाठशाला, प्राथमिक पाठशाला, हिब्बन को माध्यमिक पाठशाला और पटूखर, नीन एवं मंमुख्यमंत्री ने प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र, गुलथाणी को संचालित करने के लिए चार कमरे उपलब्ध करवाने पर श्री खेमराज शर्मा को सम्मानित किया।अपने चुनाव क्षेत्र के एक दिवसीय दौरे के दौरान श्री वीरभद्र सिंह का लोगों ने जगह-जगह गर्मजोशी के साथ स्वागत किया।ग्रामीण ब्लाक कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष श्री चंद्रशेखर शर्मा ने इस अवसर पर कहा कि प्रदेश में कांग्रेस सरकार के सत्तासीन होने के उपरांत विकास को गति मिली है।शिमला ग्रामीण ब्लाक कांर्ग्रेस कमेटी की महासचिव अनिता शर्मा ने मुख्यमंत्री का स्वागत किया।ग्राम पंचायत खटनोल के प्रधान श्री रमेश कुमार ने धन्यवाद प्रस्ताव रखा।विधायक श्री अनिरूद्ध सिंह, जिला परिषद् अध्यक्ष श्री चंद्रेश्वर प्रसाद, जिला कांग्रेस समिति (ग्रामीण) के अध्यक्ष श्री केहर सिंह खाची, मुख्यमंत्री के सलाहकार श्री टी.जी. नेगी, उपायुक्त श्री दिनेश मल्होत्रा, पुलिस अधीक्षक श्री अभिषेक दुलर, तथा क्षेत्र के गणमान्य व्यक्ति भी इस अवसर पर उपस्थित थे।