राज्यों में होगा अपना निर्यात विकास परिषद : नरेंद्र मोदी
Web Admin
5 दरिया न्यूज
मुंबई , 16 Aug 2014
Last updated on: Aug 16, 2014, 00:00 IST
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को कहा कि देश के निर्यात को मजबूती देने के लिए राज्य सरकारों को जल्दी ही अपना निर्यात विकास परिषद गठित करने की अनुमति मिलेगी। मोदी के मुताबिक, केंद्र सरकार ने निर्यात की खराब स्थिति का पता लगाने के लिए हाल ही में राज्यों के साथ बैठक की थी और स्थानीय स्तर पर विदेश व्यापार शुरू करने के लिए राज्यों को अपना निर्यात विकास परिषद स्थपित करने का अधिकार दिया जाएगा। यहां जवाहरलाल नेहरू पोर्ट ट्रस्ट सेज की आधारशिला रखने के लिए आयोजित समारोह में आए लोगों को संबोधित करते हुए मोदी ने कहा, "हम केंद्र से राज्य सरकारों को निर्यात वृद्धि के लिए प्रोत्साहित करेंगे और राज्य भी निर्यात बढ़ाने के लिए अपने स्तर पर कठिन परिश्रम करेंगे।"वर्तमान में केंद्र सरकार वाणिज्य एवं उद्योग मंत्रालय की मदद से निर्यात प्रोत्साहन के लिए योजनाएं मुहैया कराता है। मोदी ने कहा, "केंद्र-राज्य के एकजुट होकर काम किए बगैर हम निर्यात में नए शिखरों को नहीं छू सकते।"