खनन विभाग बनेगा सशक्त : मुकेश
नुरपुर में खनन कार्यालय खोलने पर होगा विचार
Web Admin
5 दरिया न्यूज (विजयेन्दर शर्मा)
धर्मशाला , 25 Jan 2013
Last updated on: Jan 25, 2013, 00:00 IST
उद्योग, श्रम एवं रोज़गार मंत्री श्री मुकेश अग्निहोत्री ने आज यहां परिधि गृह में जिला अधिकारियों के साथ एक बैठक करते हुए जानकारी दी कि प्रदेश में अवैध खनन को रोकने के लिये खनन विभाग कार्यालयों को आवश्यक सुविधाएं प्रदान करके सशक्त बनाया जाएगा ताकि विभाग के अधिकारी और कर्मचारी खनन माफिया को रोकने के लिये निर्भयता से कार्य कर सकें। मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि कांगड़ा जिला के नूरपुर क्षेत्र में अवैध खनन के अधिक मामले प्रकाश में आये हैं। उन्होंने कहा कि सरकार नूरपुर में खनन अधिकारी का कार्यालय खोलने पर विचार कर रही है। इसके अतिरिक्त खनन विभाग में कार्य कर रहे माइनिंग गार्ड के पदों को भी स्तरोन्नत करने पर भी विचार किया जाएगा ताकि माइनिंग गार्ड अवैध खनन के मामलों पर कानूनी कार्यवाही करने के लिये सक्षम बन सकें।उद्योग मंत्री ने कहा कि प्रदेश में नये उद्योग के लिये भूमि बैंक स्थापित किये जाएंगे। जिसके लिये भूमि के चयन हेतू प्रक्रिया आरम्भ कर दी गई है। उन्होंने कहा कि कांगड़ा जिला में औद्योगिकरण की अपार संभावनाएं हैं तथा जिला में बड़े उद्योग स्थापित करने के लिये बहुराष्ट्रीय कम्पनियों के साथ समन्वय स्थापित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि कांगड़ा जिला के इंदौरा एवं देहरा में नये उद्योगों की स्थापना हेतू 400 हेक्टेयर भूमि का चयन किया गया है।उन्होंने कहा कि निजी क्षेत्र में स्थापित होने वाले उद्योग एवं अन्य संस्थानों में अब कुशल एवं अकुशल कामगारों की भर्तियां रोज़गार कार्यालय के माध्यम से की जाएंगी ताकि प्रदेश के बेरोज़गार युवाओं को अधिक से अधिक रोज़गार उपलब्ध हो सके। इसके अतिरिक्त औद्योगिक इकाइयों में श्रम कानून को भी कड़ाई से लागू किया जाएगा ताकि किसी भी कामगार का शोषण न हो सके। इससे पहले उद्योग मंत्री द्वारा शक्तिपीठ चामुण्डा तथा ज्वालामुखी में भी पूर्जा अर्चना की तथा मन्दिर न्यास द्वारा यात्रियों की सुविधा के कार्यान्वित किये जा रहे विभिन्न विकासकार्यों बारे जानकारी हासिल की।