Monday, 06 July 2026

 

 

खास खबरें मुख्यमंत्री सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने एवरेस्ट विजेता रुचि ठाकुर को किया सम्मानित प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश के विकास को पिछले 12 सालों में मिली गति : नायब सिंह सैनी प्रदेश में 2029 में भी विकास कार्यों के बलबूते लगातार बनेगी चौथी बार सरकार : नायब सिंह सैनी मनोज सिन्हा ने नुनवान बेस कैंप में अमरनाथ यात्रा की तैयारियों का जायजा लिया आईसीएमआर ने राष्ट्रीय ई-गवर्नेंस पुरस्कार 2026 में स्वर्ण पुरस्‍कार जीता आमिर-गौरी की शादी की पहली तस्वीर आई सामने शिवराज सिंह चौहान ने विकसित भारत–जी राम जी के लिए राज्यों को ₹25,863 करोड़ की पहली किस्त जारी की शादी के बंधन में बंधे आमिर खान और गौरी स्प्रैट, करीबी लोगों की मौजूदगी में की रजिस्टर्ड मैरिज कैलाश मानसरोवर यात्रा 2026 का पहला जत्था रवाना, सीएम पुष्कर सिंह धामी ने तीर्थयात्रियों को दीं शुभकामनाएं 'अमेरिका जीत रहा है', डोनाल्ड ट्रंप ने आजादी के 250 साल पूरे होने पर सैन्य शक्ति और आर्थिक फायदों की सराहना की पद्म विभूषण तीजन बाई का निधन, दुर्ग में अंतिम दर्शन के लिए उमड़े लोग भोजपुर में खड़े कंटेनर से टकराई तेज रफ्तार स्कॉर्पियो, तीन की मौत अरुलमिगु सुब्रमण्यम स्वामी मंदिर में 'कुंभाभिषेकम' भव्य रूप से संपन्न, 5,000 से अधिक श्रद्धालु हुए शामिल 6 जुलाई का पंचांग : भगवान शिव की पूजा करना लाभकारी, दोपहर 12:04 बजे से 12:58 बजे तक अभिजित मुहूर्त फीफा वर्ल्ड कप : पैराग्वे को हराकर क्वार्टर फाइनल में फ्रांस, किलियन एम्बाप्पे बने जीत के नायक भारत की सेवा के लिए श्यामा प्रसाद मुखर्जी के आदर्शों का अनुसरण करें : माणिक साहा दूसरा टी20 : जैकब बेथेल की तूफानी पारी, इंग्लैंड ने भारत को 4 विकेट से हराया, सीरीज में 1-0 से बढ़त मणिपुर में स्थायी शांति का एकमात्र रास्ता बातचीत, हिंसा रोकने के लिए हरसंभव प्रयास जारी : मुख्यमंत्री युमनाम खेमचंद सिंह एनबीटी उत्सव में बोले राजनाथ सिंह, पीएम मोदी के चौथे कार्यकाल में विकसित भारत का उदय देखेगी दुनिया अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में डेब्यू करने वाले विश्व के 5 युवा पुरुष खिलाड़ी वैभव सूर्यवंशी ने इतिहास रचा, भारत के लिए इंटरनेशनल डेब्यू करने वाले सबसे युवा क्रिकेटर बने

 

शिवराज सिंह चौहान ने विकसित भारत–जी राम जी के लिए राज्यों को ₹25,863 करोड़ की पहली किस्त जारी की

प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में विकसित भारत–जी राम जी का पूरे देश में एक ही दिन में सफल एवं निर्बाध क्रियान्वयन : शिवराज सिंह चौहान

Shivraj Singh Chouhan, Shivraj Chauhan, BJP, Bharatiya Janata Party, New Delhi
Listen to this article

Armaan

Armaan

5 Dariya News

नई दिल्ली , 05 Jul 2026

Last updated on: Jul 05, 2026, 15:25 IST

केंद्रीय ग्रामीण विकास मंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने आज सभी राज्यों एवं केंद्र शासित प्रदेशों के ग्रामीण विकास मंत्रियों के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से विकसित भारत–गारंटी फॉर रोजगार एवं आजीविका मिशन (ग्रामीण) [वीबी–जी राम जी] के क्रियान्वयन की समीक्षा की तथा राज्यों को योजना के संचालन के लिए ₹25,863 करोड़ की पहली किस्त (मदर सैंक्शन) जारी की।

बैठक को संबोधित करते हुए श्री चौहान ने कहा कि सरकार का संकल्प था कि 1 जुलाई, 2026 से विकसित भारत–जी राम जी पूरे देश में बिना किसी व्यवधान के लागू हो। मुझे यह बताते हुए प्रसन्नता हो रही है कि योजना पूरे देश में सफलतापूर्वक लागू हो चुकी है तथा मनरेगा से विकसित भारत–जी राम जी में ट्रांजीशन पूरी तरह सहज और सुचारु रहा है।

अब तक किसी भी प्रकार की तकनीकी अथवा संचालन संबंधी शिकायत प्राप्त नहीं हुई है। उन्होंने कहा कि गरीब मजदूर भाई-बहनों की सेवा ही भगवान की सेवा है। सरकार का उद्देश्य ग्रामीण श्रमिकों को सम्मानजनक रोजगार, समय पर मजदूरी तथा ग्रामीण क्षेत्रों में टिकाऊ परिसंपत्तियों का निर्माण सुनिश्चित करना है। श्री चौहान ने कहा कि मनरेगा को पूरे देश में लागू होने में लगभग तीन वर्ष का समय लगा था, जबकि विकसित भारत–जी राम जी एक ही दिन में पूरे देश में लागू हो गया।

उन्होंने इसे प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व, राज्यों के सहयोग तथा देश की प्रशासनिक क्षमता की बड़ी उपलब्धि बताते हुए कहा कि यह प्रधानमंत्री के संकल्प, सुशासन और प्रभावी समन्वय का प्रतीक है। मंत्री ने प्रारंभिक प्रगति की समीक्षा करते हुए कहा कि पहले सप्ताह में बड़ी संख्या में ग्राम पंचायतों में कार्य प्रारंभ हुए हैं तथा लाखों ग्रामीण श्रमिकों को रोजगार उपलब्ध कराया गया है।

उन्होंने आंध्र प्रदेश, केरल और राजस्थान की विशेष सराहना करते हुए कहा कि इन राज्यों ने पहले ही दिन बड़ी संख्या में रोजगार उपलब्ध कराया। उन्होंने ओडिशा और पश्चिम बंगाल से शेष ग्राम पंचायतों में शीघ्र कार्य प्रारंभ करने का आग्रह किया तथा झारखंड से योजना को अधिसूचित कर आवश्यक बजटीय प्रावधान सुनिश्चित करने का अनुरोध किया।

जिन राज्यों में आरबीआई खाते खोलने अथवा अन्य प्रक्रियाएं लंबित हैं, उन्हें भी समयबद्ध ढंग से पूरा करने को कहा गया। उन्होंने कहा कि विकसित भारत–जी राम जी के अंतर्गत मजदूरी दरों में औसतन लगभग 10 प्रतिशत की वृद्धि की गई है। अब देश के किसी भी राज्य में मजदूरी ₹300 प्रतिदिन से कम नहीं होगी। यह प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में ग्रामीण श्रमिकों की आय और सामाजिक सुरक्षा को मजबूत बनाने की सरकार की प्रतिबद्धता का परिचायक है।

श्री चौहान ने कहा कि आज जारी की गई ₹25,863 करोड़ की पहली किस्त का उद्देश्य राज्यों को समय पर संसाधन उपलब्ध कराना है, ताकि श्रमिकों को 15 दिनों के भीतर मजदूरी का भुगतान सुनिश्चित किया जा सके। उन्होंने सभी राज्य सरकारों से आग्रह किया कि वे भी अपनी हिस्सेदारी की राशि समय पर जारी करें, जिससे मजदूरी भुगतान में किसी प्रकार की देरी न हो।

उन्होंने स्पष्ट किया कि विकसित भारत–जी राम जी के प्रभावी क्रियान्वयन में धन की कोई कमी नहीं आने दी जाएगी। पहली किस्त राज्यों की मांग के आधार पर जारी की गई है और भविष्य में भी आवश्यकता के अनुसार धन उपलब्ध कराया जाएगा। उन्होंने कहा कि ग्राम सभाएं और ग्राम पंचायतें स्थानीय आवश्यकताओं के अनुरूप विकास कार्यों का चयन करें ताकि गांवों का समग्र और सहभागी विकास सुनिश्चित हो सके।

बैठक में पारदर्शिता एवं जवाबदेही पर विशेष बल देते हुए मंत्री ने कहा कि Face Authentication, जियो-टैगिंग तथा अन्य तकनीकी व्यवस्थाओं का शत-प्रतिशत अनुपालन सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि योजना में किसी भी प्रकार की अनियमितता अथवा फर्जीवाड़े के लिए कोई स्थान नहीं है तथा सरकार का उद्देश्य पारदर्शी, विश्वसनीय एवं गुणवत्तापूर्ण परिसंपत्तियों का निर्माण सुनिश्चित करना है।

उन्होंने बताया कि राज्यों को निरंतर सहयोग उपलब्ध कराने के लिए मंत्रालय ने संयुक्त सचिव स्तर के अधिकारियों के नेतृत्व में Area Officers की तैनाती की है। ये अधिकारी राज्यों के साथ नियमित समन्वय स्थापित कर क्रियान्वयन संबंधी समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करेंगे। अपने संबोधन में श्री चौहान ने कहा कि समय पर मजदूरी भुगतान भारत सरकार और राज्य सरकारों की संयुक्त जिम्मेदारी है।

भारत सरकार अपनी जिम्मेदारी निभाते हुए पहली किस्त समय पर जारी कर रही है और राज्यों से अपेक्षा है कि वे भी अपनी हिस्सेदारी समय पर उपलब्ध कराकर प्रत्येक पात्र श्रमिक को निर्धारित समय-सीमा के भीतर मजदूरी का भुगतान सुनिश्चित करें। बैठक में केंद्रीय ग्रामीण विकास राज्य मंत्री डॉ. चंद्रशेखर पेम्मासानी, राज्य मंत्री श्री कमलेश पासवान, विभिन्न राज्यों एवं केंद्र शासित प्रदेशों के ग्रामीण विकास मंत्री, ग्रामीण विकास विभाग के सचिव श्री रोहित कंसल, संयुक्त सचिव सुश्री रोहिणी आर. भाजीभाकरे तथा मंत्रालय एवं राज्य सरकारों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

 

Tags: Shivraj Singh Chouhan , Shivraj Chauhan , BJP , Bharatiya Janata Party , New Delhi

 

 

related news

 

 

 

Photo Gallery

 

 

Video Gallery

 

 

5 Dariya News RNI Code: PUNMUL/2011/49000
© 2011-2026 | 5 Dariya News | All Rights Reserved
Powered by: CDS PVT LTD