डिप्टी कमिश्नर आशिका जैन ने आज जिला प्रशासनिक परिसर में विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक आयोजित कर विभागों द्वारा संचालित कार्यक्रमों एवं योजनाओं की प्रगति की विस्तार से समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने विशेष रूप से राजस्व विभाग से जुड़े मामलों, योजनाओं तथा लंबित कार्यों पर गहन चर्चा करते हुए अधिकारियों को सभी कार्य समयबद्ध एवं पारदर्शी ढंग से पूर्ण करने के निर्देश दिए।
बैठक के दौरान डिप्टी कमिश्नर आशिका जैन ने ईजी रजिस्ट्रेशन तथा ईजी जमाबंदी की मौजूदा स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने स्टाम्प एवं रजिस्ट्रेशन से संबंधित रिकवरी का विस्तृत जायजा लेते हुए लंबित भूमि राजस्व बकाया की वसूली में तेजी लाने के निर्देश दिए।
उन्होंने स्पष्ट किया कि राजस्व विभाग की सेवाओं को आम जनता के लिए अधिक सरल, सुगम और पारदर्शी बनाया जाए, ताकि लोगों को अनावश्यक परेशानियों का सामना न करना पड़े। बैठक में भूमि अधिग्रहण से संबंधित चल रहे मामलों की स्थिति रिपोर्ट, खसरा-वाइज मैपिंग, सिविल कार्यों के उपयोगिता सर्टिफिकेट (यूसी) समय पर जमा करवाने तथा गैर-कानूनी माइनिंग से जुड़ी शिकायतों की भी समीक्षा की गई।
डिप्टी कमिश्नर ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी मामलों का निपटारा निर्धारित समय सीमा के भीतर सुनिश्चित किया जाए। इसके अतिरिक्त डिस्ट्रिक्ट मिनरल फाउंडेशन के अंतर्गत चल रहे विकास कार्यों की प्रगति पर भी विस्तार से चर्चा हुई। डिप्टी कमिश्नर ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि इन परियोजनाओं को गुणवत्ता और समयबद्धता के साथ पूरा किया जाए, ताकि आम जनता को इसका अधिकतम लाभ मिल सके।
इस अवसर पर अतिरिक्त डिप्टी कमिश्नर (विकास) निकास कुमार, अतिरिक्त डिप्टी कमिश्नर (सामान्य) अमरबीर कौर, एस.डी.एम. दसूहा कंवलजीत सिंह, एस.डी.एम. मुकेरियां ओएशी मंडल, एस.डी.एम. होशियारपुर गुरसिमरनजीत कौर, सहायक कमिश्नर परमप्रीत सिंह, जिला राजस्व अधिकारी अमनदीप चावला सहित अन्य विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।