लोकसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के मुख्य प्रचारक नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को बिहार में ताबड़तोड़ चुनावी सभा कर मतदाताओं से राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) के लिए वोट मांगे। उन्होंने कहा कि भाजपा ऊंच-नीच की नहीं, विकास की राजनीति करती है। मोदी ने कहा कि कांग्रेस ने रोजगार के नाम पर युवाओं को धोखा दिया है। वर्ष 2009 में चुनाव के दौरान अगले पांच वर्षो में 10 करोड़ बेरोजगारों को रोजगार देने का वादा किया था, परंतु मात्र एक करोड़ युवाओं को रोजगार मिला जबकि अटल बिहारी वाजपेयी की सरकार ने पांच वर्षो में साढ़े छह करोड़ बेरोजगारों को रोजगार उपलब्ध कराया था। उन्होंने दावा किया कि अकेले भाजपा एक ऐसी पार्टी है जो इस चुनाव में विकास की राजनीति के रास्ते पर चल रही है। कांग्रेस का साठ साल का तामझाम अब जाने वाला है। उन्हें देश की जनता को अपने कर्मो का हिसाब देना है। मां-बेटे की सरकार ने देश का बर्बाद कर दिया, मगर यह सरकार अब जाने वाली है।
गुजरात के मुख्यमंत्री ने कहा कि मोतिहारी ऐतिहासिक भूमि है, परंतु इसके विकास पर ध्यान नहीं दिया गया। उन्होंने कहा, "देश को वोट बैंक की राजनीति, जाति की राजनीति, संप्रदायवाद की राजनीति ने बर्बाद कर दिया है। हम विकास की राजनीति करते हैं, करते रहेंगे, इसे नहीं छोड़ेंगे।" उन्होंने कहा कि मां-बेटे की सरकार ने देश को बर्बाद कर दिया है। प्रियंका गांधी वाड्रा के 'नीच राजनीति' वाले बयान को लेकर कांग्रेस पर हमला करते हुए उन्होंने कहा, "ऊंच-नीच की राजनीति कांग्रेस करती है। हमारी चाहत तो साफ राजनीति की है।"उन्होंने सभा में आए लोगों से सवाल करते हुए कहा कि छुआछूत की राजनीति करने से किसी को फायदा होगा क्या? छूआछूत की राजनीति लोकतंत्र में शोभा नहीं देती। उन्होंने कहा कि देश में जाति आधारित राजनीति खत्म होनी चाहिए। किसानों की चर्चा करते हुए उन्होंने कहा कि इन्हें किसानों की चिंता नहीं है। लीची और गन्ना किसानों की चर्चा करते हुए मोदी ने कहा कि आज लीची और गन्ना के किसान समस्याओं से जूझ रहे हैं। मोतिहारी में लीची के जूस के कारखाने लगने चाहिए। प्रधानमंत्री पद तक पहुंचने के लिए गुजरात के वडोदरा और उत्तर प्रदेश के वाराणसी से चुनाव लड़ रहे मोदी ने कहा, "किसानों के समर्थन मूल्य तय करने के लिए हम एक फार्मूला बनाएंगे, जो किसानों के लिए फायदेमंद होगा। उनकी खेती की लागत में 50 प्रतिशत रकम जोड़कर समर्थन मूल्य में तय किया जाएगा।" उन्होंने लोगों से राजग के उम्मीदवारों को जिताने की अपील करते हुए केंद्र में मजबूत सरकार बनाने का आह्वान किया।