महाराष्ट्र में हनुमान चालीसा मुद्दे पर घमासान मच गया है। इस मामले में निर्दलीय सांसद नवनीत राणा पहले ही जेल में हैं वहीं राज ठाकरे ने पिछले कल अपने दिए बयान से मामले को और गर्म कर दिया है। राज ठाकरे ने उद्धव सरकार को लाउडस्पीकर हटाने के लिए 3 मई तक का अल्टीमेटम दिया है। राज ठाकरे ने कहा है कि अगर सरकार लाउडस्पीकर हटाने में सफल नहीं होती है तो हम दोगुनी आवाज में हनुमान चालीसा सुनाएंगे।राज ठाकरे के इस बयान पर पलटवार करते हुए AIMIM चीफ असदुद्दीन ओवैसी ने कहा है कि राज ठाकरे का भाषण हिंसा को बढ़ावा देने वाला है। महाराष्ट्र सरकार उनपर एक्शन क्यों नहीं ले रही। क्या सरकार उनसे डरती है। जब नवनीत राणा पर कार्रवाई हो सकती है तो राज ठाकरे पर क्यों नहीं? उनको भी जेल में डालो, दिमाग ठंडा हो जाएगा।
भाई CM है तो डर कैसा-
ओवैसी यहीं चुप नहीं हुए उन्होंने आगे कहा- आप ऐसी बात सिर्फ इसलिए कर रहे हैं क्योंकि आपका भाई मुख्यमंत्री है। क्या राज ठाकरे महाराष्ट्र में अराजकता फैलाने की कोशिश कर रहे हैं? यह सरकार अंधी सरकार है।
देश तोड़ने वाले नेता है ओवैसी- शाहनवाज हुसैन
मामला गर्म है तो बीजेपी नेता शाहनवाज हुसैन ने असदुद्दीन ओवैसी पर शब्दों के तीर चलाए। उन्होंने ओवैसी को देश तोड़ने वाला नेता करार दिया है। उन्होंने कहा कि देश में न कभी कीर्तन बंद होंगे और न कभी अजान बंद होगी। ओवैसी वो डायनामाइट लेकर चलते हैं और जहां मन होता है फोड़ देते हैं। वो कोई धर्म के ठेकेदार नहीं हैं बल्कि एक नेता हैं, एक एमपी हैं और उनको उसी तरह की बात करनी चाहिए।