एनडीए के वरिष्ठ नेता एवं पंजाब के मुख्यमंत्री सरदार प्रकाश सिंह बादल ने मंगलवार को हिसार के पुराना राजकीय कॉलेज मैदान में इनेलो प्रत्याशी दुष्यंत चौटाला के समर्थन में आयोजित एक विशाल जनसभा को संबोधित करते हुए ऐलान किया कि हिसार से इनेलो प्रत्याशी को जीताना इस क्षेत्र के मतदाताओं का काम है और केंद्र में मंत्री बनवाना मेरा काम है। उन्होंने जननायक चौधरी देवीलाल के साथ बिताए दिनों की याद ताजा करते हुए कहा कि उन्हें दुष्यंत में चौ. देवीलाल की रूह दिखाई देती है और हमारे परिवारों के संबंध इतने अटूट हैं कि हम इनके लिए और ये हमारे लिए जान तक भी कुर्बान कर सकते हैं। पंजाब के मुख्यमंत्री ने चुनाव प्रचार के अंतिम दिन हिसार के अलावा सिरसा में इनेलो प्रत्याशी चरणजीत सिंह के अलावा शाहबाद में कुरुक्षेत्र से इनेलो प्रत्याशी बलबीर सैनी व अम्बाला की प्रत्याशी कुसुम बाला शेरवाल के समर्थन में भी चुनावी सभाओं को सम्बोधित किया।उन्होंने कहा कि स्वर्गीय चौधरी देवीलाल के साथ पगड़ी बदलकर भाईचारा कायम किया था और उनके अरमानों को पूरा करना मैं अपना फर्ज समझता हूं। उन्होंने कहा कि हरियाणा व पंजाब दोनों प्रदेश एक मां के दो बेटे हैं लेकिन कांग्रेस फूट डालो और राज करो की नीति पर चलते हुए हमें आपस में लड़ाना चाहती है। आजादी के बाद से ही पंजाब में उन्होंने तथा हरियाणा में चौ. देवीलाल के परिवार ने कांग्रेस के खिलाफ अनेकों बार संघर्ष किया है। स्व. देवीलाल जी के जाने के बाद ओमप्रकाश चौटाला तथा उनके परिवार ने प्रदेश की जनता की आवाज को बुलंद किया है। इस परिवार को कांग्रेस के विरोध की सजा जेल भेजकर दी गई है जबकि बच्चा बच्चा जानता है कि इनेलो नेता बेकसूर हैं। उन्होंने इनेलो कार्यकर्ताओं की हिम्मत की दाद देते हुए कहा कि जिस बहादुरी से इस पार्टी के कार्यकर्ताओं ने अपने नेताओं का मिशन और अधिक मजबूती से जारी रखा, उसके लिए वे बधाई के पात्र हैं।
उन्होंने कहा कि सच की हमेशा जीत होती है और जल्द ही चौटाला परिवार को न्याय मिलेगा। उन्होंने दावा किया कि पूरे देश व प्रदेश में कांग्रेस का सूपड़ा साफ होना निश्चित है। जनसभा में उमड़ी भीड़ का जोश व उत्साह देखकर उन्होंने कहा कि आज स्वर्ग से चौ. देवीलाल की आत्मा एवं जेल की सलाखों के पीछे से चौ. ओमप्रकाश चौटाला भी इस जोश को देखकर अपना आशीर्वाद दे रहे होंगे। उन्होंने अपने मुंहबोले पौत्र दुष्यंत की भारी मतों से जीत की भी भविष्यवाणी कर दी और कहा कि यह चुनाव केवल मात्र लोकसभा का चुनाव न होकर एक तरह से जनमत संग्रह है। बादल को ठाकुर विक्रम सिंह ने तलवार भेंटकर सम्मानित किया। सिरसा की जनसभा को सम्बोधित करते हुए सरदार प्रकाश सिंह बादल ने ओमप्रकाश चौटाला को जेल भेजे जाने को कांग्रेस की साजिश करार देते हुए कहा कि चौटाला साहब ने कोई गुनाह नहीं किया। मैने कभी सोचा नहीं था कि कांग्रेस इतनी बुरी सरकार है जो चौटाला साहब को जेल भेज देगी। उन्हें जेल में देखकर मेरी आंखों में आंसू आ गए। ऐलनाबाद के विधायक अभय सिंह चौटाला ने कहा कि कांग्रेस की मिट्टी पलीत हो चुकी है और मुख्यमंत्री समेत इस पार्टी के नेताओं को लोग गांवों में घुसने नहीं दे रहे। उन्होंने कहा कि इनेलो द्वारा चलाए गए न्याय व अन्याय की लड़ाई में आम आदमी ने कमर कस ली है और इसके दूरगामी नतीजे मिलेंगे। उन्होंने दावा किया कि प्रदेश में सभी दस की दस सीटों पर इनेलो प्रत्याशी शानदार जीत दर्ज करेंगे। इस जीत से कांग्रेस व कुलदीप के पाप का घड़ा फूट जाएगा। उन्होंने यह भी ऐलान किया कि अगर हिसार की जनता ने उनकी बात का मान रखकर दुष्यंत को लोकसभा में भेजा तो वे सारी की सारी समस्याओं को हल करवाने में कोई कसर नहीं छोड़ेंगे। शाहबाद की जनसभा को सम्बोधित करते हुए इनेलो प्रदेशाध्यक्ष अशोक अरोड़ा ने नवीन जिंदल पर कड़े प्रहार करते हुए कहा कि सेवा भाव का लबादा ओढक़र राजनीति में आने वाले नवीन जिंदल ने कौल घोटाला करके पूरी दुनिया में कुरुक्षेत्र की जनता को अपमानित करने का काम किया है।
उन्होंने आरोप लगाया कि सैनी वोट बांटने के लिए नवीन जिंदल ने ही राजकुमार सैनी को भाजपा की टिकट दिलाई। इस अवसर पर पार्टी के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष केएल शर्मा, अशोक कश्यप, फूल सिंह खेड़ी, राजबीर बराड़ा, शिरोमणि अकाली दल के प्रदेशाध्यक्ष शरणजीत सिंह सौथा, एसजीपीसी के वरिष्ठ उपाध्यक्ष रघुजीत सिंह विर्क, मेंबर हरभजन सिंह मसाना, पूर्व स्पीकर सतबीर सिंह कादियान, तरलोचन सिंह, बिशनलाल सैनी ने भी जनसभा को संबोधित करके इनेलो को विजयी बनाने की अपील की। हिसार में पार्टी प्रत्याशी दुष्यंत चौटाला ने अपने लिए वोट की अपील करते हुए कहा कि उनका मुकाबला एक तरफ प्रदेश को बर्बाद करने वाली कांग्रेस पार्टी के साथ है तो दूसरी ओर प्रदेश को बदनाम करवाने वाले परिवार के कुलदीप के साथ है। उन्होंने लोगों को भरोसा दिलाया कि अगर जनता ने उन्हें सेवा का अवसर दिया तो वे इस अहसान का बदला ताजिंदगी हिसार की जनता के बीच रहकर चुकाएंगे। उन्होंने यह भी कहा कि उनके एजेंडे में हिसार को काउंटर मैगनेट सिटी का दर्जा दिलाना, शिक्षित बेरोजगारों को रोजगार दिलवाना, किसानों को ओलावृष्टि का मुआवजा शीघ्र दिलवाना तथा वर्षों से उपेक्षित इस क्षेत्र में केंद्र की मदद से विकास का नया अध्याय लिखने जैसी अनेकों सोच शामिल हैं।
उन्होंने विशेष तौर से युवाओं से मतदान के दिन अपने अपने बूथ पर जिम्मेवारीपूर्वक मतदान करवाने का आह्वान किया। जनसभा में इनेलो सुप्रीमो का हस्तलिखित संदेश भी पढक़र सुनाया गया जिसमें दुष्यंत को स्व. चौधरी देवीलाल एवं उनकी परछाई बताते हुए संकट की घड़ी में मदद की गुहार लगाई गई है। इस अवसर पर पूर्व सांसद सरदार तरलोचन सिंह, पूर्व मंत्री मांगेराम गुप्ता, सांसद रणवीर प्रजापति, पूर्व मंत्री सुभाष गोयल, पूर्व मंत्री हरिसिंह सैनी, पूर्व मंत्री अतर सिंह सैनी, उमेद सिंह लोहान, विधायक सरोज मोर, हनुमान ऐरन, प्रहलाद सिंह सैनी, राजेंद्र धानक, जितेंद्र नाथ, संदीप चौहान, वरिष्ठ अधिवक्ता आर.एल बिमल, बलवान आर्य, यज्ञदत्त सेतिया, नगर निगम के डिप्टी मेयर भीम महाजन, राजपाल यादव, शीला भ्याण, जोगेंद्र काहलो, तरूण जैन सहित भारी संख्या इनेलो नेता व पदाधिकारी उपस्थित थे। सिरसा रैली के दौरान फतेहाबाद भाजपा के अजा प्रकोष्ठ के प्रधान व भाजपा की ओर से सीट के दावेदार सत्यवान चौहान के अलावा सैकड़ों लोगों ने इनेलो में शामिल होने की घोषणा की। मंच संचालन युवा इनेलो नेता कर्ण चौटाला ने किया। इस अवसर पर त्रिलोचन सिंह, इनेलो प्रत्याशी चरणजीत सिंह रोड़ी, पूर्व मंत्री भागीराम, कृष्ण कम्बोज, पृथ्वी सिंह, निशान सिंह, स्वतंत्र बाला चौधरी, सहित अनेक पदाधिकारी व कार्यकत्र्ता मौजूद थे।