मुख्यमंत्री भूपेन्द्र सिंह हुड्डा रविवार को चौटाला के गृह जिला सिरसा में विपक्ष व विपक्ष की भूमिका निभा रहे कांग्रेसियों पर जमकर बरसे। रथ सवार मुख्यमंत्री ने न केवल विपक्ष को आडे हाथों लिया बल्कि विपक्ष की भाषा बोल रहे कांग्रेसियों को चेताते हुए कहा कि इस घड़ी में साथ नहीं देने वाले कांग्रेसी बाद में पार्टी से मदद की उम्मीद ना करें। चौटाला ने अपने क्षेत्र का विकास नहीं कराया, प्रदेश का क्या कराएंगे मुख्यमंत्री ने सिरसा से रथयात्रा आरंभ की जो देर शाम तक तीन दर्जन से ज्यादा गांवों से होकर गुजरी। उनके साथ कांग्रेस प्रत्याशी अशोक तंवर व चौधरी रणजीत सिंह एवं युवा इंका अध्यक्ष अमित सिहाग भी रहे। वहां उनका जोरदार स्वागत किया गया। मुख्यमंत्री ने ऐलनाबाद हलके में भारी जनसमूह के बीच कहा कि यहां से इनेलो के मुख्यमंत्री व विधायक रहे हैं लेकिन उन्होंने अपने क्षेत्र में ही कोई विकास नहीं किया तो शेष हरियाणा के लोग इनसे क्या उम्मीद कर सकते हैं। चौटाला परिवार ने अपने पारिवारिक ट्रस्ट बना कमाई की दुकान जरूर खोल ली पर आम जनता के लिए बड़े शिक्षण संस्थान कांग्रेस के राज में ही खुले। हुड्डा ने कहा कि विकास का मुद्दा नहीं चला तो वे मुझ पर आरोप लगा रहे हैं कि हुड्डा ने साजिश कर जेल भिजवा दिया। जबकि सच्चाई ये है कि जेबीटी भर्ती घोटाले में सीबीआई जांच के आदेश एनडीए शासनकाल में हुए जिसका इनेलो भी सहयोगी था। पूरी न्यायिक सुनवाई के बाद यह फैसला न्यायालय द्वारा सुनाया गया न कि सीबीआई या कांग्रेस ने। हुड्डा बोले कौन किसको जेल भिजवा सकता है सब अपने कर्मों से जेल जाते हैं।
मोदी तो समर्थन लेने से मना कर गया, इनेलो का झूठ पकड़ा
हुड्डा ने कहा कि इनेलो के नेता नरेन्द्र मोदी को समर्थन देने की बात कर झूठ बोल रहे हैं जबकि मोदी तो रैली में समर्थन लेने से मना कर गया। इनके 12 बीघा में दाने नहीं बचे तो अपना अस्तित्व बचाने की कोशिश में ये लोग झूठ पर झूठ बोल रहे हैं। ऐसे में जनता इन पर कैसे विश्वास करे। मोदी इनेलो को उनकी हैसियत बता गये हैं और ये अब भी धक्के से बयान दे रहे हैं। भाजपा का जिक्र करते हुए हुड्डा ने कहा कि उनके पास तो अपने आठ प्रत्याशी तक नहीं है। उन्होंने कांग्रेस से उधार लेकर प्रत्याशी उतारे हैं। उन्होंने कहा कि केवल कांग्रेस ही प्रदेश का भला कर सकती है। मुख्यमंत्री की पूरी रथ यात्रा में उनका हर जगह उनका जोरदार स्वागत हुआ जिसको देख वे गदगद नजर आए।
सभी वर्गां को आरक्षण दिया हरियाणा में:हुड्डा
मुख्यमंत्री भूपेन्द्र सिंह हुड्डा ने कहा कि विकास के नये आयाम हो या फिर अन्य फैसले, बड़े फैसले उनके शासनकाल में ही हुए हैं। एक बड़ा फैसला आर्थिक आर्थिक आधार पर आरक्षण देने का रहा। जिससे ब्राह्मण, बनिया, राजपूत व पंजाबी वर्गों आदि के आर्थिक रूप से कमजोर पात्रों को लाभ मिलना सुनिश्चित कर दिया गया है। साथ ही राज्य में पहले से जारी आरक्षण को छूए बगैर प्रदेश की कईं जातियों को केन्द्र की ओबीसी सूची में शामिल कराया जिसका लाभ आने वाले समय में देखने को मिलेगा। मुख्यमंत्री ने रथ में पत्रकारों से बातचीत करते हुए कहा कि हरियाणा सरकार राहुल गांधी की सोच हर हाथ शक्ति-हर हाथ तरक्की के रास्ते पर चल रही है।