ब्राह्मण महापंचायत के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं विश्व हिन्दू तख्त के अंतरराष्ट्रीय प्रमुख वीरेश शांडिल्य ने सोमवार को घरौंडा में कांग्रेस द्वारा आयोजित विशाल रैली में हरियाणा में कांग्रेस को समर्थन देने का एलान किया । शांडिल्य ने पूर्व मुख्यमंत्री भूपेन्द्र सिंह हुड्डा एवं कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष उदय भान को रैली में समर्थन पत्र सौंपा और पगड़ी एवं दोशाला भेंट की और भगवान परशुराम की भव्य प्रतिमा भी भेंट की ।
वीरेश शांडिल्य का समर्थन देने पर पूर्व मुख्यमंत्री भूपेन्द्र सिंह हुड्डा व कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष उदय भान ने आभार जताया और कहा कि शांडिल्य के समर्थन से पूरे हरियाणा में कांग्रेस मजबूत होगी । वहीं शांडिल्य ने घरौंडा में विशाल रैली को भी संबोधित किया और घरौंडा से उम्मीदवार वीरेंद्र सिंह राठौर के लिए भी वोट की अपील की और कई गाँवों में भी राठौड़ के समर्थन में जनसभाओं को संबोधित किया ।
वीरेश शांडिल्य ने कहा ब्राह्मण महापंचायत इस बार कांग्रेस का समर्थन इसलिए कर रही है क्योंकि कांग्रेस ही एक ऐसी पार्टी है जिसने देश की आज़ादी से लेकर आतंकवाद के खिलाफ अनगिनत कुर्बानियां दी हैं। दो प्रधानमंत्री, राजीव गांधी और इंदिरा गांधी, तथा मुख्यमंत्री बेअंत सिंह ने सर्वोच्च बलिदान दिया। कांग्रेस वह पार्टी है जिसके प्रधानमंत्री राजीव गांधी ने सनातन का सम्मान करते हुए सबसे पहले अयोध्या राम मंदिर का ताला तुड़वाया और इसे सनातनियों को समर्पित किया।
शांडिल्य ने कहा कांग्रेस ने हमेशा राष्ट्र को मज़बूत करने के लिए मुहिम चलाई और कभी जात-पात की राजनीति नहीं की। इसलिए, कांग्रेस से बेहतर कोई अन्य पार्टी नहीं है जो राष्ट्र को मज़बूती प्रदान कर सके। शांडिल्य ने कहा आने वाले समय में वह राहुल गांधी को प्रधानमंत्री बनाने के लिए एक अभियान शुरू करेंगे और इसी क्रम में हरियाणा की 90 विधानसभा सीटों में कांग्रेस को समर्थन कर रहे है ।