उत्तर प्रदेश रविवार को चुनाव प्रचार का अखाड़ा बना रहा। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रधानमंत्री पद प्रत्याशी नरेंद्र मोदी और समाजवादी पार्टी प्रमुख मुलायम सिंह यादव ने एक दूसरे पर जमकर शब्दवाण चलाए। राज्य के प्रचार युद्ध में आम आदमी पार्टी (आप) के नेता अरविंद केजरीवाल भी पीछे नहीं रहे। उत्तर प्रदेश में रोडशो करने निकले केजरीवाल ने कांग्रेस और भाजपा दोनों को निशाने पर लिया और घोषणा की कि मुख्यमंत्री नरेंद्र मोदी के विकास के दावे की जांच करने वे इसी सप्ताह गुजरात जाएंगे। लखनऊ में आयोजित एक विशाल रैली को संबोधित करते हुए मोदी ने उत्तर प्रदेश में दंगों के लिए सपा नेता मुलायम सिंह पर निशाना साधा। मोदी ने कहा, "राज्य में अब तक 150 दंगे हो चुके हैं (2012 में जब से सपा ने सत्ता संभाली तब से)।" उन्होंने मुलायम सिंह यादव से गुजरात से उत्तर प्रदेश की तुलना करने से बाज आने के लिए कहा। इसके जवाब में मुलायम सिंह यादव ने रविवार को आयोजित अपनी रैली में मोदी के मुख्यमंत्री रहते 2002 के गुजरात दंगों की निंदा की। मोदी ने इसके जवाब में कहा कि पिछले 10 वर्षो में गुजरात में कोई सांप्रदायिक हिंसा नहीं हुई है।
भाजपा नेता ने विदेश मंत्री सलमान खुर्शीद पर उनका नाम लिए बगैर निशाना साधा। खुर्शीद ने हाल ही में मोदी को राजनीतिक रूप से 'कमजोर' कहा था। खुर्शीद को 'दुनिया भर की यात्रा करने वाला मंत्री' बताते हुए मोदी ने कहा कि मंत्री ने उन पैसों का दुरुपयोग किया जो नि:शक्त जनों के वास्ते था। मोदी का यह इशारा उस एनजीओ की तरफ था जो वे और उनकी पत्नी उनके चुनाव क्षेत्र फरु खाबाद में चलाती हैं। एनजीओ पर नि:शक्त जनों के नाम पर कोष में हेराफेरी करने का आरोप है। मुलायम सिंह यादव ने जवाबी हमला बोलते हुए मोदी को 'मानवता का हत्यारा बताया।'इलाहाबाद के परेड ग्राउंड में आयोजित विशाल जनसभा को संबोधित करते हुए मुलायम सिंह ने कांग्रेस को भी आड़े हाथों लिया। उन्होंने कहा कि दोनों बड़ी पार्टियां देश की समृद्धि के लिए घातक हैं। सपा प्रमुख ने भाजपा अध्यक्ष राजनाथ सिंह की मुस्लिमों के प्रति अनुराग की भी यह कहते हुए खिल्ली उड़ाई कि 'बड़े पैमाने पर हत्याएं कराने के बाद भाजपा अब माफी मांगने चली है। क्या यह स्वीकार किया जा सकता है?' उन्होंने कहा कि मोदी का करिश्मा उत्तर प्रदेश में नहीं चलेगा और उन्होंने विकास के गुजरात मॉडल को भी खारिज किया।
उधर दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री केजरीवाल ने राजनीतिक दलों पर वोट की खातिर लोगों के बीच फूट डालने का आरोप लगाया। कानपुर में एक चुनावी रैली को संबोधित करते हुए केजरीवाल ने विकास के गुजरात मॉडल और मोदी दोनों पर सवाल उठाए। आप नेता ने कहा, "हमने गुजरात के विकास के बारे में खूब सुना है। हम 5 से 8 मार्च के बीच गुजरात का दौरा करेंगे और वहां के दावा किए जा रहे विकास का जायजा लेंगे।"उन्होंने कहा, "हम विकास के बारे में सीखना चाहते हैं। लेकिन जहां कहीं विकास नहीं हुआ है उसे उजागर किया जाना चाहिए।"केजरीवाल ने मोदी पर खास निशाना भी साधा। उन्होंने कहा, "वे (मोदी) कहते हैं कि वे चाय बेचते थे। फिर एक चाय बेचने वाला हवा में हेलीकाप्टर पर कैसे उड़ने लगा।"केजरीवाल ने कहा कि भाजपा और कांग्रेस दोनों ने उनकी आप सरकार द्वारा मुकेश अंबानी के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराने पर हाथ मिला लिया था।