आईआईटी-खड़गपुर जा सकते हैं केजरीवाल
Web Admin
5 दरिया न्यूज
कोलकाता (आईएएनएस) , 11 Jan 2014
Last updated on: Jan 11, 2014, 00:00 IST
भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान-खड़गपुर के पूर्व छात्रों का सम्मेलन 17 जनवरी से शुरू हो रहा है और आईआईटी-के के पूर्व छात्र प्रकोष्ठ ने शनिवार को कहा कि दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल इसमें हिस्सा ले सकते हैं। केजरीवाल ने 1989 में यहां से मैकेनिकल इंजीनियरिंग में स्नातक की उपाधि हासिल की थी। पूर्व छात्र प्रकोष्ठ की महासचिव अदिति शर्मा ने कहा कि इस वर्ष 1989 का बैच अपनी रजत जयंती मनाएगा। हमने एक औपचारिक निमंत्रण भेजा है। उम्मीद है कि इस सम्मेलन में पूरे देश और दुनिया से पूर्व छात्र हिस्सा लेने आएंगे। 1989 बैच की रजत जयंती मनाने के साथ ही संस्थान के विभिन्न बैचों की स्वर्ण जयंती और माणिक जयंती भी मनाई जाएगी, जिसमें 250 आईआईटी शिक्षित लोगों के हिस्सा लेने की संभावना है। पूरे राज्य में सदस्यता अभियान चला रही आम आदमी पार्टी की बंगाल इकाई भी केजरीवाल के दौरे को भुनाने के लिए कोलकाता में एक बड़ी रैली की योजना बना रही है। आप के स्वयंसेवक जसवंत सिंह ने कहा कि सदस्यता अभियान पूरे जोरों पर है और केजरीवाल की उपस्थिति से इसको बल मिलेगा। यद्यपि अभी उनकी उपस्थिति की पुष्टि होनी बाकी है, हम लोग शहर में एक बड़ी रैली आयोजित करने की योजना बना रहे हैं। उन्होंने कहा कि पार्टी के स्वयंसेवकों ने विभिन्न क्षेत्रों की हस्तियों से राज्य में पार्टी में शामिल होने के बारे में बात की है। पार्टी की निगाह आगामी लोकसभा चुनाव पर है।