दिल्ली सिख गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी ने आई.एस.बी.टी. कश्मीरी गेट में बेघर लोगों को ठंड से बचाने के लिए रैन बसेरे बनाए हैं। दिल्ली गुरुद्वारा कमेटी के महासचिव मनजिन्दर सिंह सिरसा ने बताया कि जब वे इन स्थानों पर पहुंचे तो बेघर लोग खुले अकाश में रात गुजारने के लिए मजबूर थे एवं ठंड से कांप रहे थे। दिल्ली गुरुद्वारा कमेटी ने तुरन्त फैसला लिया कि जहां पुलों के नीचे एवं अन्य स्थानों पर ऐसे लोग रह रहे हैं, वहां रैन बसेरे बनाए जाएं। उन्होंने बताया कि दिल्ली गुरुद्वारा कमेटी ने अपने कर्मचारियों एवं स्वयंसेवकों को इस काम में लगा दिए, जिन्होंने तंबू एवं अन्य समानों की मदद से 20 घंटों के अंदर ये रैन बसेरे तैयार कर दिए, और शनिवार शाम तक ये बनकर तैयार हो गए। उन्होंने कहा कि यदि दिल्ली गुरुद्वारा कमेटी यह काम कर सकती है तो आप सरकार को यह काम करने से कौन रोक रहा है?दिल्ली के विधायक ने यह भी कहा कि आप सरकार बेघर लोगों को रैन बसेरे बना कर देने में बुरी तरह असफल रही है। हालांकि इसने बजट में बढ़ोतरी भी की है। उन्होंने बताया कि दिल्ली गुरुद्वारा कमेटी की इस पहल के बाद अब डी.यू.एस.आई.बी. द्वारा भी काम शुरू किया गया है एवं रैन बसेरे बनाए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि दिल्ली गुरुद्वारा कमेटी ने कंबल एवं राजाइयों का प्रबंध करने के साथ ही मेडिकल सुविधा के साथ लंगर का प्रबंध भी किया है। उन्होंने कहा कि हमें यह देख कर दुख होता है कि लोग कुत्तों एवं अन्य जानवरों के साथ सोए हुए हैं।