केन्द्रीय संस्कृति, पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) डॉ. महेश शर्मा ने सोमवार को यहां कहा कि भगवान राम हमेशा से प्रेरणा स्रोत रहे हैं। शर्मा ने संग्रहालय दिवस पर राष्ट्रीय संग्रहालय की इमारत के तीसरे चरण के निर्माण से पहले भूमि पूजन किया। इस अवसर पर उन्होंने 'राम अभिराम' भारतीय कला और संस्कृति में भगवान राम के सौंदर्य से जुड़ी एक प्रदर्शनी का भी उद्घाटन किया।अपने संबोधन में शर्मा ने कहा, "हमें भविष्य की पीढ़ियों के लिए समृद्ध विरासत छोड़ने की आवश्यकता है और यह प्रदर्शनी भारतीय कला और संस्कृति में भगवान राम के महत्व को जानने में मददगार साबित होगी। भगवान राम का मंत्रमुग्ध करने वाला व्यक्तित्व सदैव से लेखकों, चित्रकारों और लोक कलाकारों के लिए प्रेरणादायी रहा है।"शर्मा ने कहा, "इस प्रदर्शनी में ऐसे चित्र शामिल हैं, जो पहली बार लोगों को देखने के लिए उपलब्ध हो रहे हैं। इनको कलाकारों ने कई माध्यमों के जरिए अभिव्यक्त किया है।"इस अवसर पर उन्होंने भारतीय पुरातत्व विभाग के पूर्व महानिदेशक प्रोफेसर बी.बी. लाल की पांच पुस्तकों का विमोचन भी किया।