भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रधानमंत्री पद के उम्मीदवार नरेंद्र मोदी ने रविवार को कांग्रेस पर आरोप लगाया कि पिछले 60 वर्षो से उसने देश में जनजातियों के अस्तित्व को भी स्वीकार नहीं किया है। मोदी ने जयपुर से करीब 500 किलोमीटर दूर बनासवाड़ा जिले के जनजातीय बहुल इलाके में एक चुनावी सभा के दौरान यह आरोप लगाया। राजस्थान में एक दिसंबर को 200 सदस्यीय विधानसभा के लिए मतदान होने वाला है। मोदी ने कहा कि रामचंद्रजी के समय से ही देश में जनजातियों का अस्तित्व रहा है। मोदी ने कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी ने जनजातीय मंत्रालय बनाया और जनजातियों के लिए अलग बजट उपलब्ध कराया। कांग्रेस जनजातियों को इंसान नहीं समझती, वह उन्हे केवल वोट बैंक समझती है।
मोदी ने कहा कि कांग्रेस गैरजरूरी बातों को लेकर शोर करती है लेकिन महंगाई के बारे में कुछ भी नहीं बोलती। कांग्रेस ने 100 दिनों के भीतर महंगाई कम करने का वादा किया था लेकिन कुछ नहीं हुआ।उन्होंने पूछा कि क्या सोनिया, मनमोहन या राहुल ने अपने भाषणों में एक बार भी महंगाई के बारे में कुछ कहा है।गरीबों के सब्जी खरीदने के कारण उसकी मांग में वृद्धि के कारण महंगाई बढ़ने के केंद्रीय कानून मंत्री कपिल सिब्बल के बयान पर भी मोदी ने हमला किया।उन्होंने कहा, "केंद्र सरकार के एक वरिष्ठ मंत्री ने कुछ दिन पहले कहा कि गरीब लोग बिना सब्जी के रोटी खाते थे। अब वे दो-दो सब्जी खाते हैं। इसके कारण महंगाई बढ़ी है।"मोदी ने राहुल गांधी को एक बार फिर शहजादा करार देते हुए कहा कि कांग्रेस उपाध्यक्ष अक्सर गरीबों के बारे में बोलते हैं लेकिन उनके दिल्ली के आवास के समीप ही एक झुग्गी बस्ती है। यह झुग्गी दिल्ली की मुख्यमंत्री शीला दीक्षित के निर्वाचन क्षेत्र में है। वहां पर भी स्थितियां बहुत खराब हैं। बस्ती में 200 लोगों पर केवल दो शौचालय हैं।