प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने डीजल रेल इंजन कारखाने परिसर (डीरेका) में कई योजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया और पांच शिल्पकारों को पहचानपत्र वितरित कर सम्मानित भी किया। बनारस हिंदू विश्वविद्यालय (बीएचयू) में एक कार्यक्रम के दौरान उन्होंने ेराहुल गांधी पर जमकर निशाना साधा। मोदी ने कहा कि केंद्र सरकार गरीबों का भला करने वाली कई योजनाएं लेकर आ रही है, जिसका लाभ सीधे तौर पर लोगों को मिलेगा।उन्होंने डीरेका में एक कार्यक्रम दौरान बुनकरों की सहायता लिए स्थापित बुनकर सेवा केंद्र के पांच बुनकरों को सम्मानित किया। उन्होंने इस दौरान बीआरएस हेल्थ व रिसर्च इंस्टीट्यूट का शिलान्यास किया गया। पीएम ने नेहरू युवा केंद्र को प्रोत्साहित करने के लिए खिलाड़ियों में स्पोर्ट्स किट भी वितरित किए।
मोदी ने अपने संबोधन में कहा, "गंदगी से गुजरने पर दरुगध आती है। इस गंदगी को साफ करने के दौरान तो गुजरना ही मुश्किल हो जाता है, लेकिन सफाई के बाद स्थिति काफी बेहतर हो जाती है। मैंने भी सफाई अभियान शुरू किया है। योजना बनाते समय कभी नहीं सोचा था कि लोग कैसे किसके साथ खड़े होंगे।" मोदी ने कहा कि बेईमानों को बचाने की तरकीब अपनाई जा रही है। दुनिया को यह समझना होगा कि ईमानदारी के रास्ते पर चलने के लिए देश कष्ट झेलने को तैयार है, तकलीफ के बाद भी लोग खड़े हैं। ऐसा दुनिया में कहीं नहीं हुआ है। उन्होंने बीएचयू में कैंसर रिसर्च इंस्टीट्यूट का शिलान्यास किया। उन्होंने कहा कि मुंबई के कैंसर अस्पताल जैसा ही अस्पताल उत्तर प्रदेश, खासकर पूर्वी उप्र में हो तो झारखंड और बिहार को भी लाभ मिलेगा।
उन्होंने कहा कि आरोग्य के क्षेत्र में पीपीपी मॉडल जरूरी है, निजी अस्पताल भी बेहतर कार्य कर रहे हैं। पांच सौ बिस्तरों का अस्पताल काशी में बनना बड़ी बात है जो गरीबों को समर्पित है। इस प्रकार गरीबों को भला करने वाली योजनाएं हैं जो हजारों को नौकरी देगी। स्मृति ईरानी मेहनत कर इस प्रोजेक्ट में लगी रहती हैं। इससे पहले कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी के आरोपों का जवाब न देकर मजाक उड़ाते हुए मोदी ने कहा, "वह इस बात से बहुत खुश हैं कि राहुल ने अब बोलना सीख लिया है।" बीएचयू में संस्कृति महोत्सव में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने नोटबंदी पर हो रहे चौतरफा हमलों पर विपक्ष को कड़ा जवाब दिया।
मोदी ने इस कार्यक्रम के दौरान पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह और कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी और पूर्व वित्तमंत्री पी. चिदंबरम पर भी तंज कसे। प्रधानमंत्री ने राहुल पर तंज कसते हुए कहा, "वह कांग्रेस के युवा नेता हैं जो बोलना सीख रहे हैं। जब से उन्होंने बोलना सीखा है मुझे बहुत खुशी हुई है।"मोदी ने राहुल के भूकंप वाले बयान पर कहा, "अच्छा हुआ युवा नेता ने बोलना शुरू कर दिया नहीं तो भूकंप आ जाता और देश को इतना बड़ा दर्द झेलना पड़ता कि 10 सालों तक उबर ही नहीं पाता। उनके बोलने से ये भी पता चल गया कि भूकंप कैसा होता है।"