आयुर्वेद एवं सहकारिता मंत्री कर्ण सिंह शनिवार को बंजार विधानसभा क्षेत्र के दुर्गम गांव पढारनी के अग्निकांड पीड़ितों से मिले और उन्हें राहत राशि वितरित की। करीब दो घंटे की पैदल यात्रा के बाद पढारनी पहुंचे कर्ण सिंह ने बताया कि अग्निकांड प्रभावित प्रत्येक परिवार को एक लाख 34 हजार रुपये की राहत राशि दी गई है। प्रदेश सरकार पीड़ितों को इस धनराशि के अलावा अन्य मदद व सुविधाएं भी उपलब्ध करवाएगी। इन्हें एक महीने का राशन मुफ्त दिया जाएगा।कर्ण सिंह ने कहा कि पीड़ित परिवारों के पुनर्वास के लिए प्रदेश सरकार हरसंभव मदद करेगी। उन्होंने राजस्व विभाग और वन विभाग के अधिकारियों को सभी औपचारिकताएं पूरी करके अग्निकांड पीड़ितों को प्राथमिकता के आधार पर टीडी प्रदान करने के निर्देश दिए। उन्होंने साहुली-पढारनी सड़क के लिए पांच लाख रुपये देने की घोषणा की तथा मिडल स्कूल पढारनी में रिक्त पड़े अध्यापकों के पदों को जल्द भरने का आश्वासन दिया। उन्होंने स्कूल का निरीक्षण भी किया।आयुर्वेद एवं सहकारिता मंत्री ने ग्राम पंचायत गोपालपुर और चकुरठा के विभिन्न गांवों में भी लोगों की समस्याएं सुनीं। उन्होंने अधिकारियों को पेयजल की किल्लत से परेशान गोपालपुर के गांवों को अतिशीघ्र टैंकरों से पानी उपलब्ध करवाने के आदेश दिए। कर्ण सिंह ने कहा कि ग्राम पंचायत चकुरठा के गांव शालदा में प्राइमरी स्कूल खोलने की संभावनाएं तलाशी जाएंगी। इस अवसर पर एसडीएम एमआर भारद्वाज, ब्लाक कांग्रेस अध्यक्ष सुरेंद्र शर्मा, अन्य पदाधिकारी और विभिन्न विभागों के अधिकारी भी उपस्थित थे।